आठनेर में 2 माह का डीटीपी और सिलाई प्रशिक्षण शुरू

उद्यमिता विकास कार्यक्रम अंतर्गत युवाओं को मिलेगा कौशल का प्रमाण पत्र

इंडो जर्मन टूल रूम इंदौर द्वारा दिया जाएगा रोजगारमूलक प्रशिक्षण

बैतूल। सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा उद्यमिता विकास कार्यक्रम के अंतर्गत इंडो जर्मन टूल रूम इंदौर की ओर से आठनेर में गुरुवार 11 दिसंबर से डीटीपी कंप्यूटर प्रशिक्षण और सिलाई मशीन प्रशिक्षण शुरू किया गया है। यह प्रशिक्षण दो माह का होगा, जिसमें 18 वर्ष से 45 वर्ष तक के इच्छुक लोग भाग ले सकेंगे। प्रशिक्षण पूर्ण होने पर उपस्थिति के आधार पर प्रत्येक प्रशिक्षार्थी को कौशल विकास का प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा, जिससे उन्हें भविष्य में रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर प्राप्त करने में सहायता मिलेगी।

प्रशिक्षण शिविर के शुभारंभ अवसर पर शासकीय महाविद्यालय आठनेर की प्राचार्य डॉ सरोज पाटिल, सेंट्रल बैंक हिडली शाखा के प्रबंधक निहाल चन्द्रायण, पूर्व पार्षद प्रमोद अदलक, संस्था संचालक सतीष ठाकरे, प्रदीप शनिशरे, प्रतिभा ठाकरे, शीतल डढोरे, प्रमोद गायकवाड़ एवं अन्य छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अतिथियों ने प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डीटीपी कंप्यूटर प्रशिक्षण युवाओं के उज्जवल भविष्य की दिशा में एक मजबूत कदम है, वहीं सिलाई प्रशिक्षण छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण कौशल विकसित करने के साथ ही युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार का अवसर भी प्रदान करेगा, जिससे वे अपनी जीवनधारा को मजबूत, सक्षम और सफल बना सकेंगे।

सेंट्रल बैंक हिडली शाखा प्रबंधक निहाल चन्द्रायण ने विद्यार्थियों को आश्वस्त किया कि स्वरोजगार के लिए आवश्यक आर्थिक सहयोग और दिशा-निर्देश बैंक की ओर से उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे प्रशिक्षार्थी अपने कौशल का उपयोग कर आत्मनिर्भर बन सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button