पर्यावरण संरक्षण का संदेश लेकर भारत यात्रा पर निकले रॉबिन
बैतूल के स्कूल, कॉलेज और छात्रावासों में पहुंच कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

बैतूल। पर्यावरण संरक्षण का संदेश लेकर उत्तर प्रदेश निवासी रॉबिन सिंह साईकल से भारत यात्रा पर निकले हैं। रॉबिन कन्याकुमारी से यात्रा शुरू करके अब तक लगातार 505 दिन सायकल चला चुके हैं। अभी बैतूल से भोपाल तक जाकर कुल 522 दिनों में 29 हजार किलोमीटर सायकल चलाने के बाद यात्रा का पहला पड़ाव खत्म करेंगे। रॉबिन अपनी यात्रा के दौरान बैतूल में भी रुके और उन्होंने यहां कई स्कूल, कॉलेज और छात्रावासों में पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कोरोना काल की विभीषिका देखने के बाद रॉबिन सिंह में पर्यावरण संरक्षण की ललक जागी और उन्होंने इको फ्रेंडली यात्रा का संकल्प लेकर सायकल से अपनी यात्रा शुरू की। रॉबिन जहां भी जाते हैं युवाओं से मिलते हैं क्योंकि आने वाली पीढ़ियों पर ही पर्यावरण को बचाने की जिम्मेदारी है। रॉबिन जैसे युवा पर्यावरण संरक्षण के लिए जो सन्देश दे रहे हैं वह देश दुनिया के लिए एक बड़ा सबक है, जिसे सभी को समय रहते समझना जरूरी है।




