गांधी चौक पर कांग्रेस ने मनाया स्वतंत्रता दिवस, जिला अध्यक्ष निलय डागा ने किया ध्वजारोहण
बैतूल। 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी बैतूल द्वारा गांधी चौक कोठीबाजार में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय डागा ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इसके बाद उपस्थित कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रगान गाया।
इस अवसर पर कांग्रेस के विभिन्न विभागों एवं प्रकोष्ठों, सेवा दल, महिला कांग्रेस सहित सभी मंडलम के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेसजनों ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों और देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले महापुरुषों को नमन किया।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय डागा ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश की आजादी के लिए संघर्ष करने वाले महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान की याद दिलाता है। संविधान, लोकतंत्र और देश की एकता-अखंडता की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। कांग्रेस ने हमेशा देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए कार्य किया है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आपसी एकजुटता के साथ जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर उसकी आवाज बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया।




