गोठी कॉलोनी में लो वोल्टेज से रहवासी परेशान, मुख्य अभियंता को सौंपा ज्ञापन ।
दो साल से वोल्टेज उतार-चढ़ाव से इलेक्ट्रॉनिक उपकरण हो रहे खराब। एमपीईबी टीम ने कॉलोनी पहुंचकर किया निरीक्षण, समाधान का दिया आश्वासन।

बैतूल। गोठी कॉलोनी के रहवासियों ने लंबे समय से बनी लो वोल्टेज और वोल्टेज उतार-चढ़ाव की समस्या को लेकर मुख्य अभियंता, म.प्र.म.क्षे.वि.वि.क. (शहरी) बैतूल को ज्ञापन सौंपकर स्थायी समाधान की मांग की है। श्री गणेश उत्सव वेलफेयर सोसायटी गोठी कॉलोनी, मोती वार्ड, चक्कर रोड की गली नंबर 6, 7 और 8 के निवासियों ने बताया कि पिछले दो वर्षों से क्षेत्र में लगातार वोल्टेज कम-ज्यादा होने से टीवी, फ्रिज, पंखे, कूलर, लाइट, वाशिंग मशीन, एसी सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में खराबी आ रही है।
रहवासियों ने बताया कि इस संबंध में कई बार ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के बाद एमपीईबी की टीम कॉलोनी पहुंची और स्थल निरीक्षण किया। सहायक यंत्री श्री यदुवंशी ने मौके पर रहवासियों से चर्चा कर समस्या के निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
रहवासियों ने यह मुद्दा वरद लॉन में आयोजित शहरी जोन-2 के शिविर में भी उठाया, जहां एई से चर्चा हुई। अधिकारियों ने समस्या के समाधान के लिए पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। कॉलोनीवासियों ने निरीक्षण और सकारात्मक पहल के लिए एमपीईबी टीम एवं अधिकारियों का आभार जताया।

सोसायटी के सचिव आनंद साहू ने बताया कि एमपीईबी के सहायक यंत्री श्री यदुवंशी ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए आज रात भी क्षेत्र में वोल्टेज की जांच कराने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों द्वारा मौके पर पहुंचकर समस्या का संज्ञान लेना और त्वरित जांच का भरोसा देना कॉलोनीवासियों के लिए राहत की बात है।




