गोवंश तस्करी के खिलाफ राष्ट्रीय हिन्दू सेना ने किया उग्र प्रदर्शन, शिवाजी चौक पर फूंका गौ तस्करों का पुतला
बीजादेही प्रकरण को लेकर मुख्यमंत्री और डीजीपी के नाम सौंपा ज्ञापन, आरोपियों के वाहन राजसात कर पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ करने की मांग

बैतूल। जिले में लगातार सामने आ रहे गोवंश तस्करी के मामलों को लेकर गुरुवार को राष्ट्रीय हिन्दू सेना का आक्रोश सड़कों पर फूट पड़ा। संगठन के युवा विभाग अध्यक्ष मनीष मालवीय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कोठी बाजार स्थित शिवाजी चौक पर कथित गौ तस्करों का पुतला दहन कर जमकर नारेबाजी की। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष दीपक मालवीय के नेतृत्व में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं पुलिस महानिदेशक के नाम पुलिस अधीक्षक बैतूल के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर बीजादेही थाना क्षेत्र में पकड़े गए आरोपियों पर कठोर कार्रवाई, तस्करी में प्रयुक्त वाहनों को तत्काल राजसात करने, पूरे गिरोह का खुलासा करने तथा सभी संलिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की गई।
– बीजादेही प्रकरण का दिया हवाला
जिला युवा सह सचिव युवराज नागले ने बताया कि 31 जुलाई की रात बीजादेही थाना पुलिस ने गौवंश तस्करी के आरोप में पिकअप वाहन क्रमांक एमपी-05-जी-7044, एमपी-04-जी-8129 और टवेरा वाहन क्रमांक एमपी-13-बीए-4471 को जब्त कर कपिल खान पिता अमीर खान निवासी बाबई, जिला नर्मदापुरम, नौशाद अली खान पिता शौकत अली निवासी बाबई, जिला नर्मदापुरम तथा आसिफ खान निवासी बाबई, जिला नर्मदापुरम को हिरासत में लिया था। उन्होंने बताया कि वाहनों में गौवंशों को चारों पैर रस्सियों से बांधकर क्रूरतापूर्वक एक-दूसरे के ऊपर लादकर बोरी और तिरपाल से ढंकते हुए महाराष्ट्र के कत्लखाने ले जाया जा रहा था।
– कई मामलों का हवाला देकर उठाए सवाल
तहसील अध्यक्ष विक्रांत कनाठे ने बताया कि कपिल खान, नौशाद अली और उनके साथियों के विरुद्ध बैतूल जिले के चोपना, शाहपुर, भौरा, भैंसदेही, पाढर और खेड़ी सहित कई थानों में पहले से गौ तस्करी के मामले दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 के शाहपुर थाना अपराध क्रमांक 0469 तथा भौरा चौकी अपराध क्रमांक 0468 और वर्ष 2024 के पाढर थाना अपराध क्रमांक 0009 में भी आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम की धारा 4, 6, 9 तथा पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11(घ) के तहत प्रकरण दर्ज हो चुके हैं। इसके बावजूद आरोपी लगातार गौ तस्करी में संलिप्त हैं।
– छह बार पकड़ाए वाहन, फिर भी नहीं हुए राजसात
प्रखंड अध्यक्ष सोमेश सोनी ने बताया कि 14 अगस्त 2024 को खेड़ी चौकी तथा 2 जनवरी 2024 को चोपना थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय हिन्दू सेना के पदाधिकारियों ने वाहन क्रमांक एमपी-13-बीए-4471 और पिकअप वाहन क्रमांक एमपी-04-जी-8129 को पकड़कर गौवंशों को सुरक्षित गौशाला पहुंचाया था। उन्होंने कहा कि इन वाहनों पर छह-छह बार गौ तस्करी के प्रकरण दर्ज होने के बावजूद आज तक इन्हें राजसात नहीं किया गया और सुपुर्दनामे पर छोड़ दिया जाता है, जिससे तस्कर लगातार सक्रिय हैं।
– पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने की मांग
तहसील संयोजक गितेश गीद ने बताया कि गौ तस्करी एक संगठित नेटवर्क के माध्यम से संचालित हो रही है। वहीं तहसील गौ रक्षा प्रमुख राहुल खवादे ने कहा कि वर्तमान बीजादेही प्रकरण में कपिल खान, हर्षित सोनी, सफदर खान, जानू खान, आशीष यादव, सेट्टी खान, नौशाद अली और आसिफ खान सहित अन्य सहयोगियों की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने मांग की कि आरोपियों की कॉल डिटेल निकलवाकर पूरे गिरोह का भंडाफोड़ किया जाए, तस्करी में प्रयुक्त सभी वाहनों को तत्काल राजसात किया जाए तथा दोषियों को कठोर दंड दिया जाए। संगठन का कहना है कि लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से हिन्दू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और लोगों में भारी आक्रोश है।
– बड़ी संख्या में पदाधिकारी रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश अध्यक्ष दीपक मालवीय, प्रदेश संयोजक पवन मालवीय, प्रांत सह सचिव बन्टी सरियाम, प्रांत सह सचिव राजकुमार शेमकर, विभाग अध्यक्ष दीपक कोसे, युवा विभाग अध्यक्ष मनीष मालवीय, जिला महामंत्री राहुल पाटीदार, जिला युवा मंत्री राज यादव, जिला सह समन्वयक प्रमुख भीम यादव, जिला सह सचिव युवराज नागले, तहसील अध्यक्ष विक्रांत कनाठे, तहसील युवा संयोजक हितेश (गितेश) गीद, नगर अध्यक्ष नवल प्रजापति, नगर उपाध्यक्ष संतोष श्रीवास, प्रखंड अध्यक्ष सोमेश सोनी, प्रखंड अध्यक्ष नवनीत जावलकर, प्रखंड महामंत्री मुकेश उइके, गौ भक्त आकाश साहू, गौ भक्त गोलू उघड़े, मौसम मालवीय, संजय दाभडे, बलराम यादव, विजय डोंगरे, राहुल मालवीय, गोल्डी नागले, उमेश मालवीय, भरत पवार, सुनील नागोरे, रुपेश मालवीय, सोनू खवादे, राहुल खवादे, भगवानदास बोरकर, सदन कुरावले, सुजीत उइके, चलक उइके सहित बड़ी संख्या में राष्ट्रीय हिन्दू सेना के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




