भोपाल में मानद डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित हुए रामकिशोर पंवार।

चार दशक की पत्रकारिता और ताप्ती संरक्षण के कार्य को मिला सम्मान।

बैतूल।     जिले से निकलने वाली सूर्यपुत्री ताप्ती नदी के जल संरक्षण, संवर्धन और प्रदूषण मुक्त निर्मल-स्वच्छ ताप्ती अभियान चलाने वाले ताप्ती भक्त रामकिशोर दयाराम पंवार रोंढ़ावाला को उनके जल संरक्षण कार्यों के लिए प्रदेश की राजधानी भोपाल में मानद डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही वे ताप्ती अंचल के पहले व्यक्ति बन गए जिन्हें यह सर्वोच्च सम्मान प्राप्त हुआ है।

उल्लेखनीय है कि भोपाल स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल पॉलिटेक्निक कॉलेज में आयोजित भव्य समारोह में देशभर के 49 लोगों को विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड धारकों सहित विभिन्न क्षेत्रों में कीर्तिमान स्थापित करने वाली महिला-पुरुष प्रतिभाओं और दो बच्चों को अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय और मध्यप्रदेश रत्न जैसे सम्मान प्रदान किए गए।

बैतूल जिले के 62 वर्षीय नि:शक्त पत्रकार रामकिशोर दयाराम पंवार पिछले चार दशकों से पत्रकारिता, सत्यकथा और कहानी लेखन के साथ पुस्तक लेखन से जुड़े हुए हैं। इसके साथ ही वे लंबे समय से पुण्य सलिला सूर्यपुत्री ताप्ती नदी की महिमा और उसके संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। ताप्ती नदी के संरक्षण और स्वच्छ, निर्मल ताप्ती अभियान को लेकर उन्हें पहले भी कई सम्मान मिल चुके हैं।

उल्लेखनीय है कि नेशनल दूरदर्शन पर प्रसारित होने वाले कार्यक्रम नदिया गाती है में ताप्ती नदी पर आधारित एक विशेष एपिसोड भी प्रसारित किया गया था, जो रामकिशोर पंवार के ताप्ती नदी संरक्षण से जुड़े कार्यों पर आधारित था और इसे कई बार देशभर में प्रसारित किया जा चुका है। वे पिछले दो दशकों से ताप्ती नदी के संरक्षण और उसके महत्व के प्रति जनजागरण का अभियान चला रहे हैं।

भारत सरकार के अंतर्गत पंजीकृत तथा कॉर्पोरेट मामलों के मंत्रालय द्वारा अनुमोदित संस्था ज्ञानदान ऑनरेरी डॉक्टरेट अवार्ड फाउंडेशन, दिल्ली द्वारा उन्हें यह मानद डॉक्टरेट सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक राकेश गिरी गोस्वामी उपस्थित थे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में इंजीनियर इन चीफ आनंद सिंह, डॉ. विकास दुबे, डॉ. सुनील पांडेय और डॉ. महेश प्रसाद मिश्रा, प्रोग्राम सेक्रेटरी मध्यप्रदेश मौजूद रहे। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन के एक कैबिनेट मंत्री की श्रीमती भी विशेष रूप से उपस्थित थीं।

रामकिशोर दयाराम पंवार लंबे समय से ताप्ती नदी के संरक्षण, उसके महत्व को उजागर करने और स्वच्छ व निर्मल ताप्ती के लिए जनजागरण अभियान में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनके प्रयासों से क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ी है और ताप्ती नदी के प्रति लोगों में संवेदनशीलता विकसित हुई है, जिसके लिए उनके कार्यों की सराहना पर्यावरण प्रेमियों, स्थानीय नागरिकों और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा भी की जाती रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button