Ram Katha: संगीतमय राम कथा में पहुंचे भाजपा जिला अध्यक्ष बबला शुक्ला

राम कथा में रोजाना बड़ी संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालु, आज होगी भव्य रामसत्ता

बैतूल। सूर्यवंशी ढोलेवार कुनबी समाज के तत्वाधान में जय अंबे संस्थान समिति द्वारा विगत 3 फरवरी से आमला ब्लाक के ग्राम खानापुर में भव्य श्री राम कथा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। प्रतिदिन दोपहर डेढ़ से 5 बजे तक धर्मपथ गामिनी, वृंदावन धाम मथुरा निवासी देवी पूजा किशोरी जी द्वारा अपनी अमृतमयी वाणी से संगीतमय श्री राम कथा का वाचन किया जा रहा है। श्री राम कथा के पांचवें दिन बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष आदित्य बबला शुक्ला ने कथा स्थल पर पहुंचकर कथा श्रवण की। इस अवसर पर सूर्यवंशी ढोलेवार कुनबी समाज के लोगों ने भाजपा जिला अध्यक्ष का स्वागत करते हुए अभिवादन किया। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष ने धार्मिक आयोजन की सराहना करते हुए ढोलेवार कुनबी समाज के लोगों से कहा कि ऐसे आयोजन होते रहना चाहिए। धार्मिक आयोजनों से जहां वातावरण धर्ममय होता है, वहीं समाज में भी एकजुटता आती है। उन्होंने समाज जनों से रामकथा के माध्यम से भगवान राम के जीवन चरित्र का अनुसरण करने का भी आग्रह किया। सूर्यवंशी ढोलेवार कुनबी समाज से मिली जानकारी के अनुसार आज 8 फरवरी को कथा स्थल पर विशाल राम सत्ता का आयोजन होगा। रामसत्ता में प्रदेश भर की अलग-अलग टीम शामिल होंगी। संगठन ने इस ऐतिहासिक आयोजन में समस्त धर्म प्रेमी जनता से बढ़-चढ़कर शामिल होने का आग्रह किया है। संगठन ने बताया कि 11 फरवरी को हवन पूजन एवं पूर्णाहुति के साथ श्री राम कथा का विराम होगा। रामसत्ता में आने के लिए बाल गोपाल मंडल भोपाल, बाल गोपाल बालिका मंडल नया श्री ढाना चूरना, महावीर मंडल सोयत, राधाकृष्ण मंडल नूरगंज, सिद्धि विनायक मंडल निमिया को आमंत्रित किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button