नगर परिषद अध्यक्ष मनीष सोलंकी बने आगजनी पीड़ितों का सहारा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की अपील के बाद तेज हुए राहत कार्य, आग पीड़ित परिवारों तक पहुंच रही मदद।

बैतूल। बर्राढाना और पीपलनाकला में आगजनी से प्रभावित परिवारों के लिए राहत कार्य लगातार जारी हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की अपील के बाद भैंसदेही नगर परिषद अध्यक्ष मनीष सोलंकी ने पीड़ित परिवारों तक पहुंचकर पलंग पेटी, गद्दे, चादर सहित जरूरी सामग्री वितरित कर राहत पहुंचाई।
गौरतलब है कि आग की घटना में 22 आदिवासी परिवारों के घर पूरी तरह जलकर राख हो गए थे, जिसके बाद प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों द्वारा राहत कार्य तेज किए गए हैं। इसी क्रम में नगर परिषद भैंसदेही अध्यक्ष मनीष सोलंकी ने पार्षदों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ गांव पहुंचकर पीड़ित परिवारों को राहत सामग्री वितरित की।
बार्राढाना गांव में आगजनी से प्रभावित 22 परिवारों को पलंग पेटी, गद्दे, चादर और ताले उपलब्ध कराए गए। आग की घटना के बाद खुले आसमान के नीचे गुजर-बसर कर रहे परिवारों के लिए यह सामग्री तत्काल राहत साबित हुई। राहत वितरण के दौरान नगर परिषद अध्यक्ष मनीष सोलंकी ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
इसी तरह पीपलनाकला गांव में भी आगजनी की दूसरी घटना में तीन मकान जलकर नष्ट हो गए थे। वहां भी विधायक महेंद्र सिंह चौहान की मौजूदगी में प्रभावित परिवारों को पलंग पेटी, गद्दे, चादर एवं अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की गई। जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवारों से चर्चा कर प्रशासनिक सहायता और पुनर्वास कार्यों की जानकारी भी ली।
राहत कार्य के दौरान नगर परिषद अध्यक्ष मनीष सोलंकी ने कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और हरसंभव मदद उपलब्ध कराने के प्रयास जारी रहेंगे। उन्होंने बताया कि संगठन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा लगातार राहत सामग्री एकत्र कर प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंचाई जा रही है।
इस दौरान पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनिल सिंह ठाकुर, भाजपा जिला उपाध्यक्ष देवी सिंह ठाकुर, एल्डरमैन सुरेश पाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष केसर लोखंडे, पार्षद ब्रम्हदेव कुबडे, पार्षद जयसिंह कापसे, पार्षद कृष्णा पिपारदे, पार्षद सुरजीत सिंह ठाकुर, पूर्व पार्षद अजय कौशिक, भाजपा नेता गोलू महाले, संतोष पाल, पत्रकार शंकर राय, पत्रकार श्याम आर्य, जनपद अध्यक्ष भैयालाल इरपाचे, भैंसदेही एसडीएम अजीत मरावी, भीमपुर तहसीलदार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।




