Tapti :छह विशेष तिथियों में मां ताप्ती के पश्चिममुखी प्रवाह में स्नान कर पुण्य लाभ ले सकेंगे श्रद्धालु
छह विशेष तिथियों में मां ताप्ती के पश्चिममुखी प्रवाह में स्नान कर पुण्य लाभ ले सकेंगे श्रद्धालु
फोटो
बैतूल। मां सूर्यपुत्री ताप्ती जागृति समिति मध्यप्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष रामकिशोर दयाराम पंवार ने जानकारी देते हुए बताया कि आने वाले
वर्ष 2025 में पुण्य सलिला मां ताप्ती के पवित्र जल में पुण्य स्नान की तिथियां तय कर दी गई हैं। देश-विदेश के श्रद्धालु इन विशेष अवसरों पर मां ताप्ती के पश्चिममुखी प्रवाह में स्नान कर पुण्य लाभ ले सकेंगे। महाकुंभ स्नान के तहत छह पुण्य स्नान 13 जनवरी 2025, सोमवार, 14 जनवरी मंगलवार, 29 जनवरी बुधवार, 3 फरवरी सोमवार, 4 फरवरी मंगलवार, 12 फरवरी बुधवार, 26 फरवरी बुधवार को।आयोजित होंगे। इन विशेष तिथियों पर श्रद्धालु मां सूर्यपुत्री ताप्ती के पवित्र जल में स्नान कर आध्यात्मिक और पुण्य फल प्राप्त करेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष रामकिशोर दयाराम पंवार ने बारहलिंग की महिमा का बखान करते हुए बताया कि भगवान श्री राम ने अपने 14 वर्ष के वनवास के दौरान शिवधाम बारहलिंग में 12 ज्योतिर्लिंगों की प्राण प्रतिष्ठा की थी। यह ज्योतिर्लिंग भगवान विश्वकर्मा द्वारा पत्थरों पर उकेरे गए थे। मां ताप्ती के तट पर स्थित यह स्थान धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया मां ताप्ती सूर्य परिवार की एक मात्र नदी हैं। उन्हें शनिदेव और यमराज की बहन होने का गौरव प्राप्त है। साथ ही, यमुना जी भी उनकी बहन हैं। मां ताप्ती भगवान श्री कृष्ण की साली भी मानी जाती हैं। इतिहास में उनके पुत्र कुरू के सुपौत्र शांतनु का विवाह गंगा जी से हुआ था, जिससे मां ताप्ती और गंगा का एक विशेष संबंध जुड़ता है।
मां सूर्यपुत्री ताप्ती जागृति समिति मध्यप्रदेश द्वारा सभी श्रद्धालुओं से निवेदन किया गया है कि वे इन पुण्य अवसरों पर मां ताप्ती के पावन जल में स्नान कर जीवन को पुण्यमय बनाएं। रामकिशोर दयाराम पंवार ने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से देश-विदेश के श्रद्धालुओं को मां ताप्ती की महिमा से अवगत कराने का प्रयास किया जा रहा है।




