लाडली लक्ष्मी उत्सव के तहत आंगनवाड़ी केंद्रों में कार्यक्रम आयोजित।

बैतूल। ग्राम पंचायत कोदारोटी के अंतर्गत ग्राम डूडा बोरगांव एवं कोदारोटी के आंगनवाड़ी केंद्रों में लाडली लक्ष्मी उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महिला एवं बाल विकास विभाग, सेक्टर बैतूल-2 ग्रामीण की सेक्टर पर्यवेक्षक श्रीमती अर्चना तिवारी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर आंगनवाड़ी केंद्रों में रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई तथा बालिकाओं द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई, जिसे उपस्थितजनों ने सराहा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सेक्टर पर्यवेक्षक श्रीमती तिवारी ने बताया कि लाडली लक्ष्मी उत्सव का मुख्य उद्देश्य लिंगानुपात में सुधार करना, बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा बालिकाओं को 1 लाख 43 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है, जिससे उनका भविष्य सुरक्षित किया जा सके। कार्यक्रम में पंच श्रीमती सुनीता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती तुलसी मोरले, पूनम उईके, संजना इवने, सहायिका फुलकली कुमरे, बाली मालवी, आशा कार्यकर्ता किरण उईके सहित ग्राम की अन्य महिलाएं उपस्थित रहीं।




