कोसमी से टेमनी तक प्रधानमंत्री सड़क जर्जर, हादसों का खतरा । मरम्मत के लिए जनपद सदस्य ने दिया ज्ञापन, आवागमन मुश्किल, शीघ्र सुधार की मांग।

बैतूल। ग्राम कोसमी से ग्राम टेमनी तक बनी प्रधानमंत्री सड़क की जर्जर हालत अब ग्रामीणों और स्कूली बच्चों के लिए गंभीर समस्या बन गई है। सड़क पूरी तरह खस्ताहाल होने से आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है और आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए जनपद पंचायत बैतूल के सदस्य धन्नूलाल उईके ने सड़क की तत्काल मरम्मत और सुधार की मांग को लेकर म.प्र. ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण इकाई-1 बैतूल के परियोजना महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में जनपद सदस्य धन्नूलाल उईके ने बताया कि ग्राम पंचायत टेमनी के अंतर्गत आने वाली प्रधानमंत्री सड़क, जो ग्राम कोसमी से ग्राम टेमनी तक जाती है, वर्तमान में पूरी तरह खस्ताहाल और खराब स्थिति में पहुंच चुकी है। सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि यह मार्ग अब दुर्घटनाजनक बन गया है। आए दिन यहां छोटे-बड़े हादसे होने का खतरा बना रहता है, जिससे ग्रामीणों में भय और असुरक्षा की स्थिति बनी हुई है।
उन्होंने बताया कि इस मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में ग्रामीणों का आवागमन होता है। साथ ही स्कूली बच्चे भी इसी सड़क से होकर विद्यालय पहुंचते हैं। सड़क खराब होने के कारण बच्चों और ग्रामीणों को आने-जाने में लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात या खराब मौसम में स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है, जिससे लोगों को जोखिम उठाकर यात्रा करनी पड़ती है।
जनपद सदस्य ने अपने ज्ञापन में परियोजना महाप्रबंधक से आग्रह किया है कि इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए ग्राम कोसमी से ग्राम टेमनी तक की प्रधानमंत्री सड़क का जल्द से जल्द सुधार और मरम्मत कराया जाए, ताकि ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके और लगातार बढ़ रहे दुर्घटना के खतरे को रोका जा सके।




