प्रज्ञा बुद्ध विहार जामठी बना बोर्ड परीक्षा केंद्र, मेडिकल कैंप आगामी तिथि तक स्थगित

बैतूल। आदिम कल्चरल एंड वेलफेयर सोसाइटी के तत्वावधान में प्रज्ञा बुद्ध विहार परिसर भारत भारती जामठी में 13 फरवरी 2026 दिन शुक्रवार को आयोजित किया जाने वाला निःशुल्क मेडिकल एवं आयुष स्वास्थ्य शिविर आगामी तिथि तक स्थगित कर दिया गया है। प्रज्ञा बुद्ध विहार जामठी को परीक्षा केंद्र क्रमांक 661176 के अंतर्गत हायर सेकेंडरी परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जहां कुल 263 परीक्षार्थी 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में सम्मिलित हो रहे हैं।
प्रज्ञा बुद्ध विहार के संस्थापक एवं अध्यक्ष आर.डी. पाटिल ने बताया कि पिछले तीन वर्षों से लगातार प्रज्ञा बुद्ध विहार जामठी में बोर्ड कक्षाओं की परीक्षाओं का नियमित एवं सफल संचालन किया जा रहा है। छात्र हित को सर्वोपरि रखते हुए विहार प्रबंधन समिति द्वारा सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि परीक्षा अवधि के दौरान प्रज्ञा बुद्ध विहार परिसर का उपयोग शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जामठी के परीक्षा केंद्र के रूप में किया जाएगा, क्योंकि विद्यालय परिसर में पर्याप्त बैठक व्यवस्था उपलब्ध नहीं है।
जिला शिक्षा कार्यालय बैतूल के पत्र के संदर्भ में यह अनुमति प्रदान की गई है। परीक्षा संचालन को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रज्ञा बुद्ध विहार में होने वाली नियमित दैनिक गतिविधियां अस्थायी रूप से स्थगित की गई हैं। इसी क्रम में आदिम कल्चरल एंड वेलफेयर सोसाइटी के तत्वावधान में 13 फरवरी दिन शुक्रवार को आयोजित किया जाने वाला निःशुल्क मेडिकल एवं आयुष स्वास्थ्य शिविर भी आगामी तिथि तक स्थगित कर दिया गया है।
आर.डी. पाटिल ने बताया कि परीक्षा के दौरान विहार परिसर में शांति, अनुशासन एवं पवित्रता बनाए रखने के उद्देश्य से जूते-चप्पल पहनकर प्रवेश निषिद्ध रहेगा। इस संबंध में जिला कलेक्टर बैतूल, अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) बैतूल, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जामठी के प्राचार्य सहित संबंधित विभागों को सूचना प्रेषित की गई है।




