8 फरवरी को आजाद अध्यापक शिक्षक संघ निकलेंगा पेंशन रैली
शिवाजी ऑडिटोरियम में सभा के बाद निकलेगी रैली, सीएम के नाम सौंपेंगे ज्ञापन

बैतूल। आजाद अध्यापक शिक्षक संघ द्वारा 8 फरवरी को जिला मुख्यालय पर आयोजित पेंशन रैली को सफल बनाने के लिए संगठन के पदाधिकारी स्कूलों में संपर्क अभियान चला रहे हैं। जिला अध्यक्ष विनय सिंह राठौड़, प्रदेश सचिव लक्ष्मी चंद लिल्लोरे और जिला उपाध्यक्ष राजेश गंगारे के नेतृत्व में टीम बनाकर बैतूल, घोड़ाडोंगरी, भीमपुर सहित जिले के विभिन्न ब्लॉकों के स्कूलों में पहुंचकर शिक्षकों से रैली में शामिल होने का आग्रह किया जा रहा है।
संघ ने बताया कि प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर प्रदेश के 55 जिलों में 8 फरवरी को पेंशन रैली, वरिष्ठता और ग्रेजुएट का लाभ प्रथम नियुक्ति दिनांक से देने सहित अन्य मांगों को लेकर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बैतूल में दोपहर 12 बजे शिवाजी ऑडिटोरियम में सभा आयोजित होगी, जिसके बाद रैली निकाली जाएगी। सभा के उपरांत मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को लंबित 21 सूत्रीय मांगों के संबंध में ज्ञापन सौंपा जाएगा।
संघ की प्रमुख मांगों में दोषपूर्ण ई-अटेंडेंस प्रणाली को तत्काल बंद करना, अध्यापक संवर्ग एवं गुरुजी की सेवा अवधि की गणना प्रथम नियुक्ति दिनांक से करना, पुरानी पेंशन योजना को बहाल करना, ग्रेच्युटी सहित अन्य वैधानिक लाभ प्रदान करना तथा शिक्षकों की अन्य लंबित मांगों का शीघ्र निराकरण शामिल है।
संघ ने जिले के सभी अध्यापक शिक्षक संवर्ग और गुरुजी साथियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है। संगठन ने दावा किया है कि जिले से सैकड़ों की संख्या में शिक्षक रैली में शामिल होंगे।




