चिचोली के पटवारी 25-26 को अवकाश पर, 27 से आंदोलन की चेतावनी..
अनूपपुर में 38 पटवारियों पर अर्थदंड, बिना नोटिस निलंबित करने का विरोध ।

बैतूल। अनूपपुर जिले में पटवारियों पर कथित प्रशासनिक तानाशाही के विरोध में तहसील चिचोली के पटवारियों ने 25 एवं 26 फरवरी को सामूहिक अवकाश पर रहने की घोषणा की है। साथ ही 27 फरवरी से आंदोलन की चेतावनी भी दी है। पूरा मामला अनूपपुर जिले के 38 पटवारियों पर अर्थदंड लगाए जाने, 30 पटवारियों को बिना नोटिस निलंबित करने तथा वेतनमान रोके जाने के आरोप से जुड़ा है, जिसे लेकर प्रदेशभर में आक्रोश की स्थिति बताई जा रही है।
मध्य प्रदेश पटवारी संघ के आह्वान पर तहसील अध्यक्ष सुखदेव गंगारे ने तहसीलदार चिचोली को दिए सूचना पत्र में उल्लेख किया है कि जिला अनुपपुर के समस्त पटवारियों की समस्याओं का निराकरण नहीं होने की स्थिति में चिचोली तहसील के सभी पटवारी उनके समर्थन में 25 एवं 26 फरवरी को अवकाश पर रहेंगे।
सूचना पत्र में स्पष्ट किया गया है कि यदि मांगों का समाधान नहीं किया गया तो 27 फरवरी से आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। संघ ने इसे प्रदेश भर के पटवारियों के साथ हो रहे व्यवहार से जोड़ते हुए गंभीर विषय बताया है।
– 38 पर अर्थदंड, 30 को बिना नोटिस निलंबन का आरोप
ज्ञापन में उल्लेख है कि अनुपपुर में 38 पटवारियों पर अर्थदंड लगाया गया है, 30 पटवारियों को बिना नोटिस निलंबित किया गया है, कई पटवारियों का वेतनमान रोका गया है, प्रमुख त्योहारों पर वेतन काटा गया है तथा नवीन पटवारियों को परिवीक्षा अवधि से सेवा समाप्ति के नोटिस दिए गए हैं। संघ का कहना है कि यह घटनाएं केवल अनुपपुर तक सीमित नहीं हैं, प्रदेश भर में पटवारियों के साथ ऐसा व्यवहार हो रहा है।

इस मामले में 24 फरवरी को तहसीलदार चिचोली को ज्ञापन सौंपकर अवकाश संबंधी सूचना दी। ज्ञापन देने वालों में तहसील पटवारी संघ चिचोली के अध्यक्ष सहदेव गंगारे, सचिव संजय नागले, कोषाध्यक्ष मोरध्वज टिकमे, प्रांतीय सदस्य विवेक मालवी सहित ज्योति बचले, विवेक मालवीय, आरती इवने, मोहित सातनकर, संजय नागले, सत्यम खातरकर, मुकेश झरबड़े, कैलाश मालवीय, सुनील लवप्रीत सहित अन्य पटवारी शामिल रहे।




