Yog:योग अपने आप पर नियंत्रण करना सिखाता : स्वामी परमार्थ देव
लाल बहादूर शास्त्री स्टेडियम में तीन दिवसीय योग-आरोग्य शिविर का शुभारंभ

बैतूल। योग ऋषि स्वामी रामदेव बाबा के शिष्य डॉ. स्वामी परमार्थ देव महाराज के सानिध्य में लाल बहादूर शास्त्री स्टेडियम में योग शिविर का आयोजन किया गया। तीन दिवसीय योग शिविर की शुरूआत शुक्रवार सुबह 6 बजे स्वामी परमार्थ देव महाराज, बैतूल विधायक हेमंत खण्डेलवाल, नगरपालिका अध्यक्ष पार्वतीबाई बारस्कर, भारत स्वाभिमान के अध्यक्ष सुनील कुबड़े और आयोजन समिति के अध्यक्ष सुनील द्विवेदी ने दीप प्रज्वलित कर योग का शुभारंभ किया। शिविर में पहले दिन सुबह 6 बजे से 8 बजे तक एक हजार से ज्यादा लोगों को योग करवाया गया। विधायक हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि 10-12 साल पहले बैतूल को योग गुरू बाबा रामदेव का सानिध्य मिला था। आज फिर बैतूल का सौभाग्य है कि डॉ. स्वामी परमार्थ देव महाराज के मार्गदर्शन में योग करने का मौका मिला है। भारत स्वाभिमान के अध्यक्ष सुनील कुबड़े और आयोजन समिति अध्यक्ष सुनील द्विवेदी का धन्यवाद करता हूं कि बैतूल को योग सीखने का, समाज को आगे ले जाने और निरोगी बनाने की यह एक अच्छी पहल की है।
लोग स्वस्थ रहने तरह-तरह की दवाईयां ले रहे : स्वामी परमार्थ देव
मुख्य केंद्रीय प्रभारी पतंजलि योगपीठ हरिद्वार स्वामी डॉक्टर परमार्थ देव महाराज ने कहा कि योग अपने आप पर नियंत्रण करना सिखाता है। आज लोग तरह-तरह की बीमारियों से जूझ रहे हैं। तरह-तरह की दवाइयों का उपयोग कर रहे हैं जिससे स्वास्थ्य सुधारने के बजाय और बिगड रहा है इसलिए जरूरी है कि योग विधा को अपनाएं। सभी जब योग करने लगेंगे, तो अपने आप यह देश स्वस्थ हो जाएगा। देश में योग क्रांति आ चुकी है इसे आगे और बढाने की जरूरत है। भौतिकता भरे युग में योग ही एक ऐसा सहारा है, जिससे व्यक्ति सामथ्र्य, आत्मनिर्भर और आध्यात्मिक बन सकता है।
जिले के 16 कस्बों और गांवों में लाइव टेलीकास्ट
बैतूल के लाल बहादुर शास्त्रीय स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय योग शिविर का जिले के 16 कस्बों ओर गांवों में लाइव टेलीकास्ट किया गया। इन गांवों में भी लोगों ने लाइव टेलीकास्ट देखकर योग किया।
बता दे कि योग ऋषि स्वामी रामदेव के परम शिष्य और पतंजलि योग समिति के केंद्रीय प्रभारी डॉक्टर स्वामी परमार्थ देव के मार्गदर्शन में 13, 14, 15 दिसंबर तक लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में सुबह 6 बजे से 8 बजे तक योग शिविर और 8 बजे से शाम 5 बजे तक आरोग्य शिविर आयोजित किया जा रहा है।
योगमय हुआ बैतूल, लोगों में दिखा गजब का उत्साह
योग को लेकर शहरवासियों में गजब का उत्साह था। कड़ाके की सर्दी के बावजूद सुबह 6 बजे बड़ी संख्या में बुजूर्ग, बच्चे और महिलाएं लाल बहादूर स्टेडियम पहुंच गये। योग को लेकर इनका उत्साह देखते ही बन रहा था। योग के बाद कई लोगों ने फेसबुक, सोशल मीडिया पर योग शिविर और योगाभ्यास के फोटो भी शेयर किये। इसमें युवती एवं महिलाएं भी पीछे नहीं थी। उन्होंने ने भी योग करते हुए अपना फोटो अपलोड किया। लोगों ने चर्चा में बताया कि आज के समय में निरोगी रहने का एक अच्छा माध्यम योग है। योग से न सिर्फ शरीर को स्पूर्ति मिलती है, बल्कि मानसिक रूप से भी लोग तरोताजा महसूस करते है।
आरोग्य शिविर का शुभारंभ, लोगों ने कराई स्वास्थ्य की जांच
योग शिविर के बाद लाल बहादूर शास्त्री स्टेडियम में आरोग्य शिविर की शुरूआत की गई। स्वामी परमार्थ देव महाराज, देश-विदेश के प्रसिद्ध आयुर्वेदाचार्य डॉ. गजेन्द्र डहरवाल, बैतूल विधायक हेमंत खण्डेलवाल, नगरपालिका अध्यक्ष पार्वतीबाई बारस्कर, भारत स्वाभिमान के अध्यक्ष सुनील कुबड़े और आयोजन समिति के अध्यक्ष सुनील द्विवेदी, गायत्री परिवार के दक्षिण भारत प्रभारी उत्तम गायकवाड़, गायत्री परिवार के जिला अध्यक्ष कैलाश वर्मा ने आरोग्य शिविर का शुभारंभ किया। शिविर में योग, यज्ञ, आयुर्वेद, पंचकर्म और प्राकृतिक चिकित्सा के प्रसिद्ध डॉक्टरों द्वारा बीपी, शुगर, अस्थमा, थायराईड, मेरूदंड एवं पेट के रोगों का उपचार किया गया। सुबह से लेकर शाम 5 बजे तक करीब 500 से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य जांच कराई और शिविर का लाभ लिया।




