दर्दनाक हादसा: दो बाइक आपस में टकराने से छह साल की बालिका की मौत, पांच गंभीर रूप से घायल

Big Accident: बैतूल। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में बैतूल –भोपाल राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार शाम को दो बाइक की आपस में टक्कर होने से घायल हुए छह लोगों में से एक बालिका की अस्पताल में मौत हो गई। पांच घायलों का जिला अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।
अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार शाहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मगर डोह निवासी राजेंद्र मर्सकोले उम्र 32 वर्ष अपने बच्चों रिया मर्सकोले उम्र छह वर्ष, शिवा मर्सकोले उम्र आठ वर्ष और वीर मर्सकोले उम्र 12 वर्ष को बाइक से घुमाने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान मगरडोह के पास स्थित पुलिया के पास सामने से आ रही बाइक से जोरदार टक्कर हो गई । जिसमें दोनों बाइक पर सवार छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सभी घायलों को गंभीर हालत में शाहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद देर रात जिला अस्पताल बैतूल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में रिया मर्सकोले उम्र छह वर्ष को डाक्टर ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों को जिला अस्पताल बैतूल में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है। पुलिस ने जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।




