बूथ और ग्राम स्तर पर मजबूत कांग्रेस संगठन खड़ा करना हमारी पहली प्राथमिकता : निलय डागा।

संगठन को मजबूत करने के लिए संवाद सबसे बड़ा हथियार: गोपाल कृष्ण शर्मा । पेड़ों की छांव में कांग्रेस ने लगाई चौपाल । संगठन की नब्ज टटोलने जमीन पर उतरे नेता।

बैतूल। राजनीति जब वातानुकूलित कमरों से निकलकर गांव की चौपाल तक पहुंचती है, तब उसकी असली ताकत दिखाई देती है। गुरुवार को बैतूल जिले के ग्राम बघोली में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जब बैतूल विधानसभा प्रभारी गोपाल कृष्ण शर्मा और जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय विनोद डागा ने ग्राम बघोली में पेड़ों की घनी छांव के नीचे चौपाल लगाकर मंडलम अध्यक्ष, सेक्टर अध्यक्ष, पंचायत अध्यक्ष और कार्यकर्ताओं के साथ घंटों राजनीतिक मंथन किया। बैठक में नेताओं ने कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोली और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।

गांव के बीच पेड़ों के नीचे लगी चौपाल में कांग्रेस नेताओं ने मंचों की औपचारिकता छोड़ सीधे कार्यकर्ताओं के बीच बैठकर संवाद किया। बैठक में संगठन की वर्तमान स्थिति, बूथ प्रबंधन, गांवों में कांग्रेस की सक्रियता और आगामी रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। नेताओं ने स्पष्ट संकेत दिए कि अब संगठन जिला और ब्लॉक स्तर तक सीमित नहीं रहेगा, हर गांव और हर बूथ तक कांग्रेस की सक्रिय मौजूदगी सुनिश्चित की जाएगी।

– बूथ मजबूत होगा तो कांग्रेस मजबूत होगी

जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय विनोद डागा ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस की पहली प्राथमिकता बूथ स्तर और ग्राम स्तर पर मजबूत संगठन खड़ा करना है। उन्होंने कहा कि चुनाव सिर्फ नेताओं के भरोसे नहीं जीते जाते, बूथ पर खड़े कार्यकर्ताओं की मेहनत ही जीत की असली ताकत बनती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि हर पंचायत और हर गांव में कांग्रेस का ऐसा नेटवर्क तैयार किया जाए, जो जनता की समस्याओं के बीच लगातार सक्रिय दिखाई दे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज है और यह आवाज गांव-गांव तक मजबूती से पहुंचनी चाहिए।

– गोपाल कृष्ण शर्मा ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश

बैठक को संबोधित करते हुए विधानसभा प्रभारी गोपाल कृष्ण शर्मा ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता ही पार्टी की असली पूंजी हैं। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए संवाद सबसे बड़ा हथियार है और इसी उद्देश्य से वे गांव-गांव जाकर कार्यकर्ताओं के बीच बैठ रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जनता के मुद्दों को लेकर लगातार सक्रिय रहें और भाजपा सरकार की नीतियों को गांव तक उजागर करें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब जनसमस्याओं के समाधान के लिए भी मजबूती से मैदान में दिखाई देगी।

– संगठनात्मक चुनौतियों को नेताओं के सामने रखा।

बैठक के दौरान मंडलम अध्यक्षों, सेक्टर अध्यक्षों और पंचायत अध्यक्षों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों की राजनीतिक स्थिति और संगठनात्मक चुनौतियों को नेताओं के सामने रखा। कार्यकर्ताओं ने गांवों में बढ़ती समस्याओं, बेरोजगारी, महंगाई और स्थानीय मुद्दों पर खुलकर चर्चा की। नेताओं ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुना और संगठन विस्तार के लिए नई कार्ययोजना पर भी चर्चा की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button