विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर युवाओं ने ली नशामुक्ति की शपथ।

मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड आठनेर के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ कार्यक्रम।

बैतूल। तंबाकू और नशीले पदार्थों के बढ़ते दुष्प्रभावों के बीच विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर आठनेर में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में युवाओं, विद्यार्थियों और नागरिकों ने नशामुक्त जीवन अपनाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने तंबाकू सेवन को कैंसर, हृदय रोग और फेफड़ों की गंभीर बीमारियों का प्रमुख कारण बताते हुए स्वस्थ समाज निर्माण के लिए जनजागरण का आह्वान किया।

मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड आठनेर के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सामूहिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के परामर्शदाता एवं नगर मंडल अध्यक्ष गोवर्धन राने ने कहा कि तंबाकू का सेवन व्यक्ति को अनेक घातक बीमारियों की ओर धकेलता है। उन्होंने कहा कि नशे की आदत व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करती, उसके परिवार और समाज पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि हम तंबाकू के रूप में पैसा देकर बीमारी खरीदते हैं। नशा नाश की जड़ है इसलिए सभी को तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनानी चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने तंबाकू एवं नशीले पदार्थों का सेवन नहीं करने तथा अपने परिवार और समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य जनसामान्य में तंबाकू सेवन के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वस्थ, स्वच्छ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जनभागीदारी को प्रोत्साहित करना था।

इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता आशुतोष सिंह चौहान, परामर्शदाता दिनेश साकरे, अंकित सातपुते, दीपाली पातुलकर, राधिका बारपेटे सहित बड़ी संख्या में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के सदस्य तथा मुख्यमंत्री सामूहिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प भी व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button