Offensive post created uproar: सांसद राहुल गांधी के खिलाफ पोस्ट से विवाद, कांग्रेस ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी

आमला थाना प्रभारी की आपत्तिजनक पोस्ट से मचा बवाल, कांग्रेस ने कार्रवाई की मांग की

बैतूल। आमला थाना प्रभारी सत्यप्रकाश सक्सेना द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक और अशोभनीय पोस्ट डालने से विवाद खड़ा हो गया है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी आमला ने इस घटना को लेकर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा और तीन दिन के भीतर थाना प्रभारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो वे उग्र आंदोलन करने पर मजबूर होंगे।

सोशल मीडिया पोस्ट से भड़का विवाद

कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन में कहा है कि आमला थाना प्रभारी सत्यप्रकाश सक्सेना द्वारा की गई पोस्ट से सांसद नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की छवि धूमिल हो रही है, जो कि एक शासकीय कर्मचारी द्वारा की गई गंभीर गलती है। उनका कहना है कि यह पोस्ट राहुल गांधी के प्रति अनादर का प्रदर्शन है, यह सरकारी नियमों और मर्यादाओं का भी उल्लंघन है।

तीन दिन में सख्त कार्रवाई की मांग

कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष हेमंत वागद्रे ने स्पष्ट रूप से कहा है कि यदि थाना प्रभारी सत्यप्रकाश सक्सेना के खिलाफ तीन दिन के भीतर सख्त से सख्त कार्यवाही नहीं की गई, तो कांग्रेस संगठन उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। कांग्रेस नेताओं ने यह भी कहा कि इस मामले की गंभीरता को समझते हुए तत्काल उचित कदम उठाने की आवश्यकता है, ताकि आगे किसी प्रकार की अशांति न हो।

पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मनोज मालवे ने थाना प्रभारी की इस पोस्ट को राहुल गांधी के प्रति नकारात्मक सोच का प्रतीक बताया है और कहा कि ऐसे मामलों में शासकीय कर्मचारियों से अनुशासन और निष्पक्षता की उम्मीद की जाती है। यदि तीन दिनों में कोई कार्रवाई नहीं होती है, तो कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता उग्र आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेंगे।

जल्द न्याय की अपील

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने एसपी से अपील की है कि मामले की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए तत्काल कार्रवाई की जाए। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह मामला प्रतिपक्ष की छवि को नुकसान पहुंचाने का है, सरकारी अधिकारी द्वारा की गई अनुचित हरकत को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। ज्ञापन देने वालों में जिला अध्यक्ष हेमंत वागद्रे, रामू टेकाम, मनोज मालवे, समीर खान, अनुराग मिश्रा, मनोज देशमुख, नितिन गादरे, प्रदीप कोकाटे, सरफराज खान, शैलेंद्र गुप्ता, किशोर माथनकर, मनीष नागले यशवंत हुड़े अंकित सूर्यवंशी, नवीन सोनकर सहित सैकड़ो कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button