शहर की व्यवस्थाएं सुधारने मैदान में उतरे नपा सीएमओ।
भाजपा प्रदेश, बैतूल विधायक के निर्देश पर शहर में चला निरीक्षण अभियान। गंज में डिवाइडर के घटिया निर्माण पर ठेकेदार को तत्काल सुधार कार्य करने के निर्देश।

लल्ली चौक रोटरी की खामियां पकड़ाईं, सीएमओ नवनीत पांडे ने शहर के विभिन्न प्रमुख स्थलों का किया व्यापक निरीक्षण ।
बैतूल। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक के निर्देशानुसार नगर सौंदर्यीकरण और सार्वजनिक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से मुख्य नगरपालिका अधिकारी नवनीत पांडे ने शहर के विभिन्न प्रमुख स्थलों का व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान यातायात व्यवस्था, अतिक्रमण, सार्वजनिक सुविधाओं, जर्जर भवनों और नगरपालिका संपत्तियों की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
सीएमओ नवनीत पांडे ने सबसे पहले लल्ली चौक स्थित रोटरी का निरीक्षण किया, जहां रोटरी के अव्यवस्थित निर्माण और गलत अलाइनमेंट की स्थिति सामने आई। इस पर इंजीनियरिंग और ट्रैफिक विभाग को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए। वहीं हाईमास्ट पोल के आसपास अतिक्रमण पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए क्षेत्र को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए। लल्ली चौक के सौंदर्यीकरण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू करने के भी निर्देश जारी किए गए।
निरीक्षण के दौरान इंदिरा कन्या विद्यालय भवन की जर्जर स्थिति का भी परीक्षण किया गया। विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू करने तथा भवन को कंडम घोषित कराने के लिए संबंधित विभाग को पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए।
गंज क्षेत्र में एचडीएफसी बैंक के सामने बनाए गए डिवाइडर की गुणवत्ता की भी जांच की गई। गुणवत्ताहीन निर्माण पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार को तत्काल सुधार कार्य करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर साफ-सफाई और व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों को नियमित निगरानी रखने और सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
मुख्य नगरपालिका अधिकारी नवनीत पांडे ने नगरपालिका शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और दुकानों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान अतिक्रमण और अव्यवस्था पाए जाने पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि नगर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए नियमित निरीक्षण जारी रहेगा और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




