रेत ठेकेदार एनजीटी की रोक के बावजूद कर रहे अवैध खनन, सोने से महंगे हुए रेत के दाम: मोनू बड़ोनिया

भाजपा शासन में एनजीटी का भी मज़ाक, प्रशासन बना मूक दर्शक

बैतूल। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष मोनू बड़ोनिया ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि रेत अब निर्माण की चीज नहीं, बैतूल में यह सत्ता संरक्षित लूट का प्रतीक बन गई है। जिले में एनजीटी की रोक के बावजूद नदियों से दिन-रात अवैध रेत खनन जारी है। हालत यह है कि बैतूल में रेत अब गरीब के लिए सपना और अमीरों के लिए मुनाफे की खान बन गई है।

मोनू बड़ोनिया ने कहा कि रेत माफिया सरकारी संरक्षण में खुलेआम नदी का सीना चीर रहे हैं, और शासन-प्रशासन आंखें मूंदे बैठा है। क्या यही है डबल इंजन सरकार का विकास मॉडल, जहां जनता के हक की रेत माफिया की तिजोरी भरने में लगाई जा रही है। कांग्रेस नेता मोनू बड़ोनिया ने आरोप लगाया कि भाजपा के शासनकाल में रेत माफिया बेलगाम हो चुके हैं। एनजीटी ने स्पष्ट रूप से नदियों से रेत खनन पर रोक लगाई है, लेकिन बैतूल जिले की नदियों में जेसीबी और डंपर धड़ल्ले से दौड़ रहे हैं। माफिया खुलेआम अवैध खनन कर रहे हैं, और प्रशासन तमाशबीन बना बैठा है। जब जनता रेत खरीदने जाती है तो कीमत सुनकर पसीना छूट जाता है। बैतूल में अब रेत सोने से भी महंगी बिक रही है।

– जनता को लूटने के लिए झोंक दी पूरी सरकारी मशीनरी

मोनू बड़ोनिया ने कहा कि भाजपा की सरकार अब संवेदनहीनता की हर हद पार कर चुकी है। रेत माफिया को बचाने और जनता को लूटने के लिए पूरी सरकारी मशीनरी झोंक दी गई है। यह वही भाजपा है जिसने हर मंच से भ्रष्टाचार मिटाने की बात की थी, लेकिन अब बैतूल में खनन माफिया के सामने नतमस्तक खड़ी है।

बड़ोनिया ने कहा कि कांग्रेस अब खामोश नहीं बैठेगी। यदि प्रशासन ने अवैध खनन पर रोक नहीं लगाई और जनता को सस्ती रेत उपलब्ध नहीं करवाई, तो कांग्रेस जनांदोलन करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button