शहीदों के सरताज गुरु अर्जन देव जी महाराज का शहीदी गुरुपुरब 18जून को।

शहीदी गुरुपुरब पर गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में होगा अटूट लंगर और छबील सेवा।

बैतूल। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, बैतूल द्वारा सिख पंथ के पांचवें गुरु, शहीदों के सरताज, शांति के पुंज एवं सुखमनी साहिब के रचयिता श्री गुरु अर्जन देव जी महाराज का पावन शहीदी गुरुपुरब 18 जून, गुरुवार को श्रद्धा, भक्ति और सत्कार के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर गुरुद्वारा परिसर में विशेष धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में संगत की सहभागिता रहने की संभावना है।

गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 10 बजे से 11:15 बजे तक श्री सुखमनी साहिब जी के पाठ से होगा। इसके उपरांत संगत द्वारा रखे गए श्री सहज पाठ साहिब जी की समाप्ति सुबह 11:30 बजे की जाएगी। सुबह 11:30 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक विशेष कीर्तन दीवान सजाया जाएगा, जिसमें गुरु महिमा का गुणगान किया जाएगा। इसके बाद दोपहर 12:45 बजे से 2 बजे तक गुरु का अटूट लंगर संगत को वितरित किया जाएगा।

शहीदी गुरुपुरब के अवसर पर सेवा और मानवता की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए ठंडे मीठे शरबत की छबील भी लगाई जाएगी। गुरुद्वारा परिसर में दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक तथा गंज बस स्टैंड के सामने दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक छबील सेवा का आयोजन किया जाएगा, जहां राहगीरों एवं आमजन को शीतल शरबत वितरित किया जाएगा।

श्री गुरु अर्जन देव जी महाराज सिख इतिहास के प्रथम शहीद गुरु माने जाते हैं। उन्होंने श्री हरमंदिर साहिब के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और आदि ग्रंथ के संकलन का महान कार्य किया। उन्होंने ही सुखमनी साहिब जैसी अमूल्य वाणी की रचना कर मानवता को शांति, धैर्य और प्रभु-स्मरण का मार्ग दिखाया। तत्कालीन मुगल शासन द्वारा धर्म परिवर्तन का दबाव स्वीकार न करते हुए उन्होंने सत्य, धार्मिक स्वतंत्रता और मानव अधिकारों की रक्षा के लिए असहनीय यातनाएं सहन कीं और अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका शहीदी दिवस त्याग, सेवा, सहनशीलता और मानव कल्याण के आदर्शों की प्रेरणा देता है।

गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, बैतूल की प्रबंधक कमेटी ने समस्त गुरु नानक नाम लेवा संगत एवं नगरवासियों से शहीदी गुरुपुरब के पावन अवसर पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होकर गुरु घर का आशीर्वाद प्राप्त करने और लंगर-छबील सेवा में सहभागी बनने का आग्रह किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button