बड़ा हादसा: तेलंगाना एक्सप्रेस की चपेट में आया यात्री, पैर कटने से अस्पताल में हुई मौत

Betul News: बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में तेलंगाना एक्सप्रेस में सफर करने वाला यात्री गिर गया और ट्रेन के नीचे आ गया। इससे उसका एक पैर कट गया साथ ही सिर में गंभीर चोट आई। उसे अस्पताल में भर्ती किया गया जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। फिलहाल मृतक की पहचान नही हो पाई है।
जीआरपी से मिली जानकारी के अनुसार बैतूल जिले के आमला रेलवे स्टेशन पर तेलंगाना एक्सप्रेस में यात्रा कर रहा एक यात्री अनियंत्रित होकर प्लेटफार्म क्रमांक दो के ट्रैक पर गिर गया। ट्रेन की चपेट में आने से उसका एक पैर कट गया और शरीर में गंभीर चोटें आईं। उसे तत्काल ही आमला के सरकारी अस्पताल ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार करने के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया था।
जिला अस्पताल में जीआरपी ने उसे भर्ती कराया लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। जीआरपी के द्वारा उसकी पहचान करने के लिए प्रयास किया जा रहा है।




