गुरुद्वारे में डॉ मनमोहन सिंह को दी श्रद्धांजलि

गुरुद्वारा कमेटी, कांग्रेस नेताओं की उपस्थिति हुई विशेष अरदास

बैतूल। गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा में 28 दिसंबर की शाम 5 बजे भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि दी गई। भाई अरविंदर सिंह ने उनके आत्मिक कल्याण के लिए विशेष अरदास की।

गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सरबजीत सिंह वालिया, कोषाध्यक्ष हरदीप सिंह बग्गा, सचिव मनप्रीत वालिया, उपाध्यक्ष बॉबी वालिया और संरक्षक सुरेंद्र पाल पोपली इस श्रद्धांजलि सभा में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा शहर के गणमान्य नागरिकों और कांग्रेस नेताओं ने भी गुरुद्वारे में पहुंचकर डॉ मनमोहन सिंह को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

उल्लेखनीय है कि डॉ मनमोहन सिंह भारत के 14वें प्रधानमंत्री थे। डॉ मनमोहन सिंह का कार्यकाल भारतीय राजनीति और अर्थव्यवस्था में मील का पत्थर साबित हुआ। उनके नेतृत्व में राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (नरेगा) और सूचना का अधिकार अधिनियम जैसे महत्वपूर्ण कानून पारित हुए। एक महान अर्थशास्त्री के रूप में, उन्होंने 1991 में वित्त मंत्री के रूप में आर्थिक उदारीकरण की नीतियां लागू कीं, जो भारत की अर्थव्यवस्था को एक नई दिशा देने में सहायक रहीं। डॉ मनमोहन सिंह का जन्म 26 सितंबर 1932 को पंजाब प्रांत के गाह गांव (वर्तमान पाकिस्तान) में हुआ था। उन्होंने पंजाब विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में स्नातक, कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर और ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय से डी. फिल की उपाधि प्राप्त की थी। जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और नरेंद्र मोदी के बाद वे सबसे लंबे समय तक भारत के प्रधानमंत्री रहे। श्रद्धांजलि सभा के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button