बैतूल में आशा ब्लड एंड कंपोनेंट सेंटर शुरू, अब जरूरतमंदों को मिलेगी समय पर रक्त सुविधा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने किया शुभारंभ

बैतूल। जिला मुख्यालय पर चिकित्सा सेवाओं के क्षेत्र में शनिवार को एक नई सुविधा जुड़ गई। इटारसी रोड स्थित पटेल वार्ड क्रमांक-18 के अडलक कॉम्प्लेक्स की प्रथम मंजिल पर स्थापित आशा ब्लड एंड कंपोनेंट सेंटर का शुभारंभ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने किया। सहयोग स्वास्थ्य एवं शिक्षण समिति, भोपाल द्वारा संचालित इस अत्याधुनिक ब्लड बैंक यूनिट का उद्घाटन सुबह 11:30 बजे हुआ। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार, पूर्व विधायक अलकेश आर्य, युवा मोर्चा अध्यक्ष विक्रम वैद्य उपस्थित रहे।
समारोह में आयोजन समिति के सचिव आलोक दीप और सदस्य आशीष हाडा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संस्था की जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की। आयोजकों ने इसे मानव सेवा का महत्वपूर्ण अभियान बताते हुए कहा कि समाज के सहयोग और मार्गदर्शन से स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने के साथ जनहित के अनेक सेवा कार्य आगे भी संचालित किए जाएंगे।
केंद्र प्रबंधन ने विश्वास जताया कि नए ब्लड एंड कंपोनेंट सेंटर के शुरू होने से जिले में रक्त और रक्त घटकों की उपलब्धता बेहतर होगी। इससे आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने और उपचार में बड़ी सहायता मिलेगी। कार्यक्रम में अतिथियों का आभार दीपक गुल्हाने द्वारा व्यक्त किया गया।




