3 लाख 44 हजार 112 रुपए की 262.64 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ मुख्य आरोपी गिरफ्तार..
भैंसदेही पुलिस की बड़ी कार्रवाई, धामनगांव मार्ग पर पकड़ी गई भारी मात्रा में अवैध शराब | होली से पहले पुलिस सख्त, अवैध शराब तस्करों पर शिकंजा|

भैंसदेही। अवैध शराब के खिलाफ चल रही सख्त मुहिम के बीच थाना भैंसदेही पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 262.64 लीटर अंग्रेजी अवैध शराब जब्त की है। 30 पेटी शराब की कीमत 3 लाख 44 हजार 112 रुपए आंकी गई है। मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी उमेश खंडाइत पिता चैतराम उम्र 35 वर्ष निवासी ग्राम चिचोलीढाना को 25 फरवरी की शाम गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के आदेश से जिला जेल बैतूल निरुद्ध कर दिया गया है। आरोपी का पूर्व से अवैध शराब परिवहन एवं विक्रय का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के विशेष निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं एसडीओपी बैतूल भूपेन्द्र सिंह मौर्य के मार्गदर्शन में थाना भैंसदेही प्रभारी निरीक्षक राजेश सातनकर के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। 22-23 फरवरी 2026 की दरमियानी रात पुलिस को सूचना मिली थी कि धामनगांव की ओर से स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक एमपी 04 सीके 5106 में भारी मात्रा में अवैध शराब भैंसदेही लाई जा रही है। सूचना मिलते ही रात्रि गश्त स्टाफ को अलर्ट किया गया।
वाहन की तलाशी लेने पर 262.64 लीटर अंग्रेजी अवैध शराब बरामद हुई, जिसे स्कॉर्पियो वाहन सहित जब्त कर लिया गया। आरोपियों के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। एक आरोपी को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश से जिला जेल भेजा जा चुका था। अन्य आरोपियों की तलाश पतारसी जारी है और प्रकरण की विवेचना जारी है।
कार्रवाई में निरीक्षक राजेश सातनकर, उप निरीक्षक आशीष कमरे, आरक्षक नारायण जाट, आरक्षक तनवीर खान, आरक्षक सुनील, आरक्षक नरेंद्र, आरक्षक सोनू एवं महिला आरक्षक जिया शामिल रहे।
एसपी ने आमजन से शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब निर्माण, भंडारण और परिवहन में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पर्वों को देखते हुए जिला पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है और अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।




