महिला कांग्रेस ने तय किए नियुक्तियों के कड़े मापदंड।

प्रदेश महासचिव ने कार्यकर्ताओं के सामने रखा नया रोडमैप । पद चाहिए तो पहले जुटानी होगी ताकत । सदस्यता और नियुक्तियों के नए फार्मूले से कार्यकर्ताओं को मिला स्पष्ट संदेश।

बैतूल। बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने और महिला कांग्रेस की सक्रियता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित संगठनात्मक बैठक में प्रदेश महासचिव एवं बैतूल जिला प्रभारी अधिवक्ता नेहा चावरे ने कार्यकर्ताओं के साथ व्यापक संवाद किया। बैठक में राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर पर संचालित कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान जिला महासचिव बृजभूषण पांडे ने भी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और सदस्यता अभियान को सफल बनाने पर चर्चा की।राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही इस बैठक में आगामी कार्यक्रमों और संगठनात्मक नियुक्तियों को लेकर भी रणनीति पर चर्चा हुई।

– राष्ट्रीय कार्यक्रमों की दी जानकारी

अधिवक्ता नेहा चावरे ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए महिला कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे पोस्टकार्ड अभियान, मनरेगा से जुड़े जनसरोकारों के मुद्दों सहित राष्ट्रीय एवं प्रादेशिक स्तर के विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस को जनता के बीच सक्रिय रहकर संगठन की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनहित के मुद्दों पर मुखर भूमिका निभाने का आह्वान किया।

 

– एकजुटता और अनुशासन का दिया संदेश

बैठक में नेहा चावरे ने महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संगठन में एकजुटता और अनुशासन बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही राजनीतिक संघर्षों में प्रभावी भूमिका निभा सकता है। कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय बढ़ाने और बूथ स्तर तक संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने का आग्रह किया गया।

– सदस्यता अभियान को लेकर बनाई रणनीति

बैठक में सदस्यता अभियान को गति देने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यकर्ताओं को बताया गया कि संगठन की मजबूती का आधार व्यापक सदस्यता है और प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि अधिक से अधिक महिलाओं को कांग्रेस की विचारधारा से जोड़ा जाए। सदस्यता अभियान को सफल बनाने की रणनीति, लक्ष्य निर्धारण और संगठनात्मक विस्तार को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

– पदों के लिए तय किए गए सदस्यता मापदंड

बैठक में अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा एवं मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बौरासी सेतिया के निर्देशों का उल्लेख करते हुए संगठनात्मक नियुक्तियों के लिए निर्धारित मापदंडों की जानकारी दी गई। बताया गया कि प्रदेश उपाध्यक्ष बनने के लिए एक हजार से अधिक सदस्य, प्रदेश महासचिव के लिए 500 से अधिक सदस्य, प्रदेश सचिव के लिए 200 से अधिक सदस्य, जिलाध्यक्ष के लिए 500 से अधिक सदस्य, विधानसभा अध्यक्ष के लिए 100 से अधिक सदस्य तथा ब्लॉक अध्यक्ष बनने के लिए न्यूनतम 50 सदस्य बनाना अनिवार्य होगा। 50 से कम सदस्य बनाने वालों को ब्लॉक कार्यकारिणी में स्थान दिए जाने की व्यवस्था भी बताई गई।

– महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर रहेगा फोकस

बैठक में संगठन में महिलाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने, सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां देने तथा जमीनी स्तर पर महिला कांग्रेस को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। बताया गया कि निर्धारित मापदंडों को पूरा करने वाले पदाधिकारियों की आधिकारिक घोषणा अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा के निर्देशानुसार की जाएगी। बैठक में संगठन को आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयार करने और महिला शक्ति को कांग्रेस के साथ जोड़ने का संकल्प लिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button