Engineer’s Day Celebration: क्रिकेट, रस्साकशी और बैडमिंटन में इंजीनियरों ने दिखाई प्रतिभा
अंतर-विभागीय खेल प्रतियोगिताओं से शुरू हुआ इंजीनियर दिवस समारोह

आज 15 सितंबर को रक्तदान शिविर और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से होगा समापन
बैतूल। इंजीनियर दिवस समारोह की इस वर्ष शानदार और यादगार शुरुआत अंतर-विभागीय खेल प्रतियोगिताओं से हुई। इंजीनियर दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित इस विशेष आयोजन में ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), जल संसाधन विभाग (डब्ल्यूआरडी), लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग, एमपीआरआरडीए और नगर पालिका की टीमों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिताओं में क्रिकेट, रस्साकशी और बैडमिंटन के रोमांचक मुकाबले आयोजित किए गए, जिसमें 40 से अधिक इंजीनियरों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
क्रिकेट प्रतियोगिता में ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग की टीम ने प्रभावशाली टीम वर्क और कौशल दिखाते हुए खिताब अपने नाम किया। रस्साकशी प्रतियोगिता में जल संसाधन विभाग और पीडब्ल्यूडी विभाग की टीमों ने बाजी मारी। सभी खेल मुकाबलों में इंजीनियरों की जोश और प्रतिस्पर्धा देखने लायक थी। इस आयोजन ने विभिन्न विभागों के बीच आपसी सौहार्द, भाईचारे और प्रतिस्पर्धात्मक भावना को मजबूत किया।
यह पूरा आयोजन कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग सरवन सिंह मरकाम, कार्यपालन यंत्री जल संसाधन विभाग रोशन सिंह और अनुविभागीय अधिकारी लोक निर्माण विभाग अजय तोमर के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
– मुख्य कार्यक्रम आज
इंजीनियर दिवस समारोह का मुख्य कार्यक्रम आज 15 सितंबर को आयोजित होगा, जिसमें रक्तदान शिविर, कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) कार्यक्रम, अंकुरित आहार वितरण और शाम को सामूहिक सपरिवार मिलन समारोह के साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।




