Betul news: त्रिशूल लेकर अमरनाथ जाएंगे श्रद्धालु, कल 1 जुलाई को होगा भगवान शिव का महाभिषेक और त्रिशूल पूजन

बैतूल। आषाढ़ कृष्ण दशमी के पावन अवसर पर सोमवार 1 जुलाई को बैतूल के प्राचीन श्री शिव गुफा मंदिर में भगवान शिव का महाभिषेक किया जाएगा। इस विशेष अवसर पर त्रिशूल एवं ध्वज (निशान) का भी पूजन किया जाएगा। महाभिषेक एवं पूजन के बाद, 6 जुलाई को बैतूल से श्रद्धालु श्री अमरनाथ जी की यात्रा के लिए प्रस्थान करेंगे। इस अनुष्ठान का आयोजन श्री हनुमान नगर गर्ग कॉलोनी बैतूल द्वारा किया जा रहा है। इस आयोजन का उद्देश्य शहर की खुशहाली एवं जन कल्याण की मंगल भावना को लेकर भगवान शिव श्री अमरनाथ जी के चरणों में त्रिशूल एवं ध्वज समर्पित करना है। भगवान शिव का महाभिषेक और त्रिशूल का पूजन हिंदू धर्म में अत्यंत पवित्र माना जाता है। 6 जुलाई को श्रद्धालुओं का समूह विशेष रूप से तैयार किए गए ध्वज और त्रिशूल को लेकर श्री अमरनाथ जी के पवित्र गुफा तक पहुंचेगा।




