Loksabha Chunav : मुख्यमंत्री मोहन यादव बोले: कांग्रेसी मरा-मरा बोलते हैं लेकिन मुंह से निकल रहा है राम-राम

Loksabha Chunav : बैतूल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डा मोहन यादव गुरुवार को बैतूल में कांग्रेस पर जमकर बरसे। भाजपा प्रत्याशी दुर्गादास उइके का नामांकन पत्र जमा कराने के लिए बैतूल पहुंचने पर लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में आयोजित नामांकन जन सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेसी भगवान राम के मामले में जितने अडंगे लगा सकते थे, जितने कष्ट दे सकते थे सब दिए। सारी परेशानियां खड़ी कीं। कांग्रेसी मरा-मरा बोलते हैं लेकिन मुंह से निकल रहा है राम-राम।

उन्होंने कहा कि भगवान श्री राम को शरीर छोड़े हुए 1700 लाख वर्ष हो गए यह नासा की रिपोर्ट कहती है।जो राम सेतु है वह प्रत्यक्ष प्रमाण है। कांग्रेसियों को आजादी के तुरंत बाद यह कलंक मिटाना था। आजादी के 70 वर्ष तक हिंदू-मुस्लिम को लड़ाने के लिए भगवान श्री राम का मंदिर नहीं बनने दिया। लगातार अडंगे लगाते रहे।प्रसन्नता है कि जब परमात्मा मौका देता है तो यश भाजपा को ही मिला है। शिलान्यास और प्राण प्रतिष्ठा के समय हिंदू हो या मुस्लिम सभी ने जय श्री राम के जयघोष लगाए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी लोकसभा में नारा लगा रहे हैं कि अबकी बार 400 पार। मुझे प्रसन्नता है कि पूरा देश मोदी मय हुआ है। मध्यप्रदेश में हम सबसे अच्छी स्थिति में हैं। हम 29 सीटें जीत रहे हैं। बैतूल में भाजपा पिछली बार की जीत का रिकार्ड तोड़ेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग कोई जेल में हैं, कोई बेल पर है। जो हार रहे हैं, वो ईवीएम को दोष देते हैं।

सुनीता बेले और सुनील शर्मा ने भाजपा में शामिल हुए

बैतूल जिले के आमला विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहीं सुनीता बेले और कांग्रेस के शहर जिला अध्यक्ष सुनील शर्मा ने गुरुवार को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में आयोजित भाजपा प्रत्याशी की नामांकन जन सभा में दोनों ने भाजपा की सदस्यता ले ली। इस मौके पर आमला विधायक डा योगेश पंडाग्रे ने दोनों का स्वागत किया।

सुनीता बेले आमला विधानसभा क्षेत्र से वर्ष 2003 में कांग्रेस की टिकट पर विधायक चुनी गईं थीं। वर्ष 2013 में उन्हे चुनाव में दोबारा टिकट दिया गया था लेकिन वे हार गईं थीं। मुख्यमंत्री डा यादव ने विधायक हेमंत खंडेलवाल के निवास पर दोनों का पुष्पगुच्छ देकर सम्मान भी किया और पार्टी में शामिल हाेने पर बधाई दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button