स्वदेशी जागरण मंच ने महुपानी में आयोजित किया एक दिवसीय विचार और प्रशिक्षण वर्ग
स्वावलंबी भारत अभियान पर हुई चर्चा, जैविक उद्यमिता पुस्तक का किया विमोचन

बैतूल। जिले के महुपानी औद्योगिक क्षेत्र में स्वदेशी जागरण मंच और स्वावलंबी भारत अभियान का एक दिवसीय विचार और प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में चार सत्रों का आयोजन हुआ, जिसमें विभिन्न विषयों पर गहन चर्चा और प्रशिक्षण दिया गया। प्रथम सत्र में विभाग संयोजक योगेश सेठा ने स्वदेशी की विकास यात्रा पर प्रकाश डाला। इस सत्र की अध्यक्षता प्रसिद्ध हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. नितिन राठी ने की। सत्र में स्वदेशी आंदोलन की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और उसकी वर्तमान प्रासंगिकता पर चर्चा की गई।
दूसरे सत्र में चार विभाग संयोजक हेमन्त रावत ने स्वावलंबी भारत अभियान की विस्तृत जानकारी दी। इस सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में शहर के सफल युवा उद्यमी पल्लव खण्डेलवाल उपस्थित रहे। उन्होंने आत्मनिर्भरता की दिशा में स्वदेशी उत्पादों के उपयोग और उनके उत्पादन की आवश्यकता पर बल दिया। तीसरे सत्र में जिला उद्योग केंद्र के प्रबंधक ने जिले में संचालित शासकीय योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। इस सत्र में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग सह संपर्क प्रमुख जसपाल सिसोदिया ने सहकारिता विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
चौथे और समापन सत्र में जैविक उद्यमिता पुस्तक का विमोचन किया गया। इस सत्र में कुछ युवा उद्यमियों ने अपनी सफलता की कहानियां साझा कीं। कार्यक्रम का मंच संचालन निलेश गोस्वामी ने किया और अंत में संगठन के कार्य विस्तार की दृष्टि से कुछ नई घोषणाएं की गईं। इस अवसर पर नर्मदापुरम विभाग सह संयोजक घनश्याम मदान, बैतूल के जिला संयोजक निलेश गिरी गोस्वामी, जिला युवा आयाम प्रमुख संतोष पवार, नगर प्रचार प्रमुख दीपक बोरबन, नगर युवा आयाम प्रमुख नेहा शर्मा, तहसील महिला सहसमन्वयक रीता दत्त की नवीन घोषणाएं की गईं। कार्यक्रम में स्वदेशी जागरण मंच के प्रांत सह संयोजक अखिलेश तिवारी, जिला समन्वयक राजेश शुक्ला, सह समन्वयक राहुल कावले, विद्यार्थी परिषद से सोनू बोरबन, जतिन प्रजापति, अभिषेक सहित कई कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के समापन पर स्वदेशी जागरण मंच और स्वावलंबी भारत अभियान के सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर स्वदेशी उत्पादों के प्रयोग को बढ़ावा देने और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का संकल्प लिया।




