Today’s top 10 news: लाइव डेली खबर ब्रेकिंग न्यूज़, आज की प्रमुख 10 खबरें

Today’s top 10 news: लाइव डेली खबर ब्रेकिंग न्यूज़, आज की प्रमुख 10 खबरें

कम वेतन और 12 घंटे की ड्यूटी, स्थाई कर्मियों ने बुलाई बैठक

मध्यप्रदेश स्थाई कर्मचारी कल्याण संघ की अहम बैठक 5 जनवरी को

बैतूल। मध्यप्रदेश स्थाई कर्मचारी कल्याण संघ की एक अहम बैठक 5 जनवरी, रविवार 2025 को सागौन बगीचे बैतूल में आयोजित की गई है। इस बैठक में स्थाई कर्मियों और सुरक्षा श्रमिकों की प्रमुख समस्याओं पर चर्चा होगी। संघ के जिलाध्यक्ष लक्ष्मण बुंदेले ने बताया कि नौकरशाही कर्मचारियों को शासकीय आदेशों का लाभ नहीं दे रही है।उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को अभी तक सातवां वेतन भी नहीं मिला है। सुरक्षा श्रमिकों से 12-12 घंटे का कार्य लिया जा रहा है, लेकिन उनका वेतन केवल चार हजार, पांच हजार, या छह हजार तक सीमित है। शासन के आदेशों के अनुसार वेतन प्रदान नहीं किया जा रहा, जिससे कर्मचारियों में असंतोष है। इस समस्या के समाधान के लिए संघ ने एक बैठक बुलाई है। इसमें सभी स्थाई कर्मचारी और सुरक्षा श्रमिकों से अनुरोध किया गया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित हों। बैठक में आगे की रणनीति तय की जाएगी, ताकि वरिष्ठ अधिकारियों, जिले के नेताओं, और मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने की तारीख निर्धारित की जा सके। संघ ने आशा जताई है कि इस बैठक से कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान निकालने का मार्ग प्रशस्त होगा।

शिवाजी ऑडिटोरियम में कल लगेगा श्री अन्न मेला

बैतूल। मोटा अनाज जिसे अब श्री अन्न या मिलेट्स कहा जाता है। उससे बनने वाले अलग-अलग तरह के और नए व्यंजन का स्वाद कल शनिवार 4 जनवरी को बैतूलवासी शिवाजी ऑडिटोरियम में चखेंगे। मोटा अनाज जिसमें ज्वार, बाजरा, मक्का, रागी आदि की भरपूर पोषकता से युक्त यह व्यंजन स्वाद में लाजवाब होने के साथ-साथ शारीरिक रूप से बेहद पोषक होंगे। यह आयोजन प्रत्याशा नवांकुर संस्थान मप्र और जन अभियान परिषद द्वारा महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए स्टॉर्ट अप की प्रेरणा देने के लिए किया जा रहा है। श्री अन्न (मिलेट्स) मेले के आयोजन में महिलाओं द्वारा बनाए गए उत्पादों को एक मंच प्रदान करने का भी प्रयास है। इस आयोजन में मार्गदर्शक नगरपालिका अध्यक्ष पार्वती बारस्कर, व्यवस्थापक निमिषा शुक्ला और प्रमिला धोतरे और प्रत्याश फाउंडेशन की अध्यख तूलिका पचौरी ने बताया कि इस मेले में श्री अन्न से बनी खाद्य सामग्री से बने स्टॉल लगाए जाएंगे। रंगोली प्रतियोगिता भी रखी गई है, जिसकी थीम बालिका सुरक्षा है।

खास बात यह है कि यह रंगोली श्री अन्न से ही बनाई जाएगी। इसके अलावा हस्तशिल्प से निर्मित वस्तुओं की भी प्रदर्शनी भी लगेगी। इन वस्तुओं के निर्माण में महिलाओं की भूमिका और कौशल की झलक मिलेगी। क्रय-विक्रय के लिए यहां पर श्री अन्न भी उपलब्ध रहेगा। इस आयोजन में प्रत्याशा संस्था बैतूल, नगरपालिका बैतूल, किसान कल्याण एवं विकास विभाग बैतूल, खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग बैतूल, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बैतूल के द्वारा भी श्री अन्न और स्वरोजगार को लेकर मार्गदर्शन दिया जाएगा। इस मेले के लिए जो भी प्रतिभागी इच्छुक हो, वह व्यवस्थापक से संपर्क कर सकता है।

सिध्दाश्रम साधक परिवार निखिल मंत्र विज्ञान के तत्वधान 11 लाख गुरुमंत्र जप अनुष्ठान आज से

पर्यावरण और धार्मिक भावना के विकास के लिए अनुष्ठान में शामिल होंगे धर्मप्रेमी

बैतूल। सिद्धाश्रम साधक निखिल मंत्र विज्ञान के तत्वावधान में दिव्य आध्यात्मिक अनुष्ठान आज 3 जनवरी से खेड़ी सांवलीगढ़ के ताप्ती घाट पर शुरू हो रहा है। इस अनुष्ठान में 11 लाख गुरुमंत्र जप किया जाएगा, गुरू एवं देवी देवताओ का अभिषेक, पार्थिव शिवलिंग पूजन, जिसका उद्देश्य जन कल्याण और आध्यात्मिक उन्नति का है। समिति के मीडिया प्रभारी नितिन अग्रवाल ने बताया कि यह अनुष्ठान 3 से 5 जनवरी तक चलेगा।

आज शुभारंभ अवसर पर घट स्थापना, कलश स्थापना और गुरु पादुका का पूजन संपन्न हुआ। कल 4 जनवरी को गुरु पादुका पूजन, निखिल स्तवन पाठ और पूर्ण मनोकामना पूर्ति के लिए पार्थिव शिवलिंग पूजन होगा। शाम 5 बजे टिकारी के रामायण मंडल द्वारा सुंदरकांड का पाठ किया जाएगा, जिसके बाद महाआरती और भंडारा आयोजित किया जाएगा।

समिति की सदस्य हर्षा अग्रवाल ने बताया कि यह अनुष्ठान पिछले 22 वर्षों से खेड़ी ताप्ती घाट पर आयोजित होता आ रहा है। गुरु कृपा और मां ताप्ती की शक्ति से इस अनुष्ठान ने जनमानस में धार्मिक भावना का विकास किया है और पर्यावरण संरक्षण के लिए भी प्रेरित किया है।

उन्होंने सभी धर्मप्रेमियों से अपील की है कि वे इस अनुष्ठान में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और धर्म और पर्यावरण के प्रति अपनी आस्था प्रकट करें। अनुष्ठान के आयोजन से समाज में धार्मिक और आध्यात्मिक उन्नति के साथ-साथ जनकल्याण का संदेश दिया जा रहा है।

क्या किसी दुर्घटना के स्वयं जिम्मेदार होंगे भैंसदेही सीईओ?

झल्लार में अतिक्रमण बना मुसीबत, सीईओ की कार्य प्रणाली पर उठ रहे सवाल  

आदेश होने के बाद भी नहीं हटा पा रहे झल्लार का अतिक्रमण

बैतूल। झल्लार में वर्षों से जमे अतिक्रमण ने लोगों के जीवन को मुश्किल बना दिया है। आवागमन में बाधा और यातायात व्यवस्था के बिगड़ने से दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है। प्रशासन की ओर से लगभग 15 दिन पूर्व शांतिपूर्ण तरीके से अतिक्रमण हटाने के आदेश जारी किए गए थे। इस कार्रवाई को भैंसदेही जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जितेन्द्र सिंह ठाकुर की उपस्थिति में अंजाम दिया जाना था।

हालांकि, सीईओ जितेन्द्र सिंह ठाकुर इस मामले में पूरी तरह निष्क्रिय दिखाई दे रहे हैं। आदेश जारी होने के बावजूद अभी तक अतिक्रमण नहीं हटाया जा सका है। सीईओ की चुप्पी और कार्रवाई न करने की प्रवृत्ति ने झल्लार के लोगों को निराश कर दिया है।

जब इस मामले में सीईओ जितेन्द्र सिंह ठाकुर से संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उन्होंने इस मुद्दे पर कोई टिप्पणी करने से इंकार कर दिया। हाल ही में वे औपचारिकता निभाने के लिए झल्लार आए थे, लेकिन तब भी किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गई।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि अतिक्रमण हटाने में हो रही देरी से एक बड़ी दुर्घटना का खतरा मंडरा रहा है। सवाल उठता है कि ऐसी कौन सी मजबूरी है जो सीईओ जितेन्द्र सिंह ठाकुर को कार्रवाई करने से रोक रही है? अगर अतिक्रमण के चलते कोई अप्रिय घटना घटती है, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी? लोगों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है, ताकि अतिक्रमण हटाकर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाया जा सके।

गौ उत्पादन और गौ विपणन पर तीन दिवसीय नि:शुल्क प्रशिक्षण आज से

महिलाओं के स्वावलंबन की दिशा में बड़ा कदम 

देवी अहिल्याबाई त्रिशताब्दी वर्ष समारोह नगर और जिला समिति बैतूल कर रही आयोजन

गौ उत्पादों से दैनिक जीवन में उपयोगी वस्तुओं के निर्माण का दिया जाएगा प्रशिक्षण 

बैतूल। पुण्यश्लोक देवी अहिल्याबाई त्रिशताब्दी वर्ष समारोह समिति और सृजन भारती समिति के संयुक्त तत्वावधान में महिलाओं को स्वावलंबन की दिशा में प्रेरित करने के लिए गौ उत्पादन और गौ विपणन पर तीन दिवसीय नि:शुल्क प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की जा रही है। यह कार्यशाला आज 3 जनवरी 2025, शुक्रवार से 5 जनवरी 2025, रविवार तक किराड़ मंगल भवन, संजीवनी चिकित्सालय के पास, सदर बैतूल में सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित होगी।

कार्यक्रम का उद्घाटन जन अभियान परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष मोहन नागर की उपस्थिति में संपन्न होगा। कार्यशाला का आयोजन स्वावलंबन आयाम प्रभारी गायत्री परिवार के उत्तम गायकवाड के संयोजन में किया गया है। प्रशिक्षण के लिए स्वानंद गौ विज्ञान अनुसंधान केंद्र, सौंसर से डॉ. जितेंद्र भकने और डॉ. भाग्यश्री भकने जैसे अनुभवी प्रशिक्षकों को आमंत्रित किया गया है।

इस कार्यशाला में महिलाओं को गौ उत्पादों से दैनिक जीवन में उपयोगी वस्तुओं के निर्माण का प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही, इन उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने का मार्गदर्शन भी मिलेगा। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और गौ सेवा को बढ़ावा देना है। आयोजकों ने कहा कि यह प्रशिक्षण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और रचनात्मकता को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का एक अनूठा अवसर है। समस्त बंधु और भगिनियों से इस कार्यक्रम में भाग लेने और समृद्ध परिवार, समाज, और राष्ट्र के निर्माण में सहयोगी बनने का करबद्ध निवेदन किया गया है। आयोजन का नेतृत्व पुण्यश्लोक देवी अहिल्याबाई त्रिशताब्दी वर्ष समारोह नगर और जिला समिति बैतूल कर रही है। इस विशेष कार्यक्रम से महिलाओं के स्वावलंबन और समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में एक नई पहल शुरू होगी।

कल 4 जनवरी से शुरू होगी जिला स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता 

बैतूल। लिजेंड वॉलीबॉल क्लब बैतूल के तत्वावधान में 4 और 5 जनवरी 2025 को जिला स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन महारानी लक्ष्मीबाई उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैतूल में किया जाएगा। प्रतियोगिता में विजेताओं को आकर्षक नकद पुरस्कार और शील्ड प्रदान की जाएगी।

प्रथम पुरस्कार 11 हजार रुपये और शील्ड, द्वितीय पुरस्कार 7 हजार रुपये और शील्ड, जबकि तृतीय पुरस्कार 5 हजार रुपये और शील्ड दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त, बेस्ट अटैकर, बेस्ट सेटर और बेस्ट डिफेंडर के लिए विशेष पुरस्कार भी रखे गए हैं। विजेता टीमों के लिए खाने और रहने की व्यवस्था आयोजन समिति द्वारा की जाएगी।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके मुख्य अतिथि होंगे। विधायक हेमंत खंडेलवाल और नगर पालिका अध्यक्ष पार्वतीबाई बारस्कर भी कार्यक्रम में विशेष उपस्थिति दर्ज कराएंगे। विशिष्ट अतिथि कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी और पुलिस अधीक्षक निश्चल झारिया होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अधिवक्ता संदीप रघुवंशी करेंगे।

आयोजन समिति के अध्यक्ष संदीप रघुवंशी, उपाध्यक्ष उमेशचंद्र हुरमाडे और सुदराम मंडल, कोषाध्यक्ष मनोज देशमुख और सोहन सूर्यवंशी, सचिव अनूप होतवानी और विलिन चौकीकर ने प्रतियोगिता की तैयारियों को अंतिम रूप दिया। आयोजन टीम में संदीप रघुवंशी, उमेशचंद्र हुरमाडे, अनूप होतवानी, मनोज देशमुख, महेंद्रसिंह जादौन, मोहना आहके, महेश सिसोदिया, अनिल कालभोर, गौरव सिसोदिया, आशीष चौहान, धीरेन्द्र अवस्थी, केदार सिसोदिया, कमलेश देशमुख, दिनेश सोनारे, धनराज वाडबुदे, सुरेंद्र इदनानी, ईश्वर गलफट, सुनिल राठौर, मिलिन मंडल, निखिल राठौर, रोहित देशमुख, दिनेश कास्देकर और अन्य सदस्य शामिल हैं।

मार्गदर्शक के रूप में वॉलीबॉल कोच इंद्रसेनसिंह ठाकुर, रवि पटेल, इरफान भाई, धर्मेंद्र पवार (डीएसओ), और राकेश बेडरे ने भी आयोजन में सहयोग किया है।

विशेष सहयोग महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और सोनालिका ट्रैक्टर शोरूम बडोरा, बैतूल द्वारा दिया गया है।

मां कर्मा साहू समाज का नववर्ष मिलन समारोह 5 जनवरी को

बैतूल। मां कर्मा साहू समाज नगर समिति बैतूल के तत्वावधान में 5 जनवरी रविवार को नववर्ष मिलन समारोह और मासिक बैठक का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन शिव मंदिर गुफा, बटामा, बैतूल बाजार में सुबह 11:30 बजे से शुरू होगा। इस कार्यक्रम में मां कर्मा जयंती, महिला संगठन और अन्य सामाजिक विषयों पर गहन चर्चा की जाएगी।

समिति ने समाज के सभी बंधुओं, माताओं, बहनों और पदाधिकारियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस कार्यक्रम में भाग लें और इसे सफल बनाएं।

इस बैठक में समाज के प्रमुख सदस्य श्रीराम दियावार, शिवदयाल साहू कोल्हे, के.एल. दियावार, बालाराम साहू, नर्मदाप्रसाद दियावार, मूलचंद दाने, पवन साहू, शंकरलाल बिसने, जीवनलाल साहू, नथनलाल साहू डोहरे, देवमन साहू, नत्थू साहू ठेंगेवार, गुलाब साहू, वामनराव साहू, पारन्या साहू और अन्य सदस्य उपस्थित रहेंगे। सभी सामाजिक बंधुओं से कार्यक्रम में उपस्थित होने का आग्रह किया है।

मुलताई में 23 फरवरी को लगेगा जिला स्तरीय स्वास्थ्य मेला

550 से अधिक पंचायते,10 निकाय के लोगों का होगा उपचार एवं ऑपरेशन  

मुलताई। अखिल भारतीय साहू वैश्य महासभा दिल्ली युवा साहू समाज सेवा संगठन जिला बैतूल एवं चिरायु मेडिकल कॉलेज अस्पताल बैरागढ़ भोपाल के सहयोग से मुलताई नगर में जिला स्तरीय विशाल स्वास्थ्य मेले का आयोजन 23 फरवरी दिन रविवार को मुलताई के सरकारी अस्पताल में दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित किया जाएगा। आयोजन समिति प्रमुख एवं महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रहलाद साहू ने बताया कि जिला स्तरीय निशुल्क स्वास्थ्य मेले में मोतियाबिंद रोग ,हृदय रोग विशेषज्ञ, नाक कान गला रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ, श्वास एवं छाती रोग विशेषज्ञ, अस्थि रोग विशेषज्ञ, स्त्री रोग विशेषज्ञ, शिशु रोग विशेषज्ञ, कैंसर रोग विशेषज्ञ ,सर्जरी विशेषज्ञ एवं स्किन रोग विशेषज्ञ जैसे कुशल डॉक्टरों की टीम मरीजो की जांच परामर्श एवं उपचार करेगी एवं जो मरीज ऑपरेशन के योग्य होंगे उन सभी मरीजों के ऑपरेशन चिरायु मेडिकल कॉलेज अस्पताल भोपाल में किए जाएंगे। ऑपरेशन के योग्य सभी मरीजों को आवास सुविधा, दवाइयां ,परिवहन सुविधा प्रदान की जाएगी एवं ऑपरेशन योग्य मरीजों के चिरायु मेडिकल कॉलेज अस्पताल भोपाल में किए जाएंगे शिविर में मरीजों को निशुल्क दवाइयां भी उपलब्ध कराई जाएगी। अजय जीतपुरे ने बताया कि शिविर में शिविर का लाभ लेने के लिए मरीजों को अपने साथ आधार कार्ड समग्र आईडी एवं संभव हो सके तो आयुष्मान कार्ड लाना जरूरी है। शिविर में दंत रोग विशेषज्ञ डॉक्टरो को लाने का प्रयास किया जा रहा है शिविर में दंत रोग के मरीजो को निशुल्क दवाइयां भी वितरित की जाएगी। आयोजन समिति के प्रहलाद साहू , गोपाल साहू,महेश नायक, अजय जीतपूरे ने जिले की सभी ग्राम पंचायत के सरपंच सचिव एवं जिले की सभी नगर परिषद, नगर पालिका में निवासरत लोगों से इस जिला स्तरीय विशाल स्वास्थ्य मेले का लाभ लेने का आग्रह किया है । शिविर में जानकारी 9340 104115 एवं 87701 35925 पर प्राप्त की जा सकेगी।

भैंसदेही में लोणारी कुंबी समाज की नई कार्यकारिणी घोषित

65 पदाधिकारियों के साथ मजबूत टीम का गठन

वासुदेव धोटे की नेतृत्व क्षमता पर भरोसा, समाज सेवा और विकास पर फोकस

ब्लॉक अध्यक्ष वासुदेव धोटे ने कार्यकारिणी के सदस्यों को दिलाई जिम्मेदारी

बैतूल। जिले में बहुसंख्यक लोणारी कुंबी समाज ने भैंसदेही ब्लॉक संगठन के लिए नई कार्यकारिणी की घोषणा की है। नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष वासुदेव धोटे ने जिला अध्यक्ष दिनेश मस्की और पूर्व अध्यक्षों की सहमति से 65 पदाधिकारियों वाली टीम का गठन किया है।

इस टीम में ब्लॉक संगठन सचिव केशर लोखंडे, सह सचिव विनोद कनाठे, कोषाध्यक्ष नितिन कुबडे और सह कोषाध्यक्ष नारायण महाले को जिम्मेदारी सौंपी गई है। संगठन के उपाध्यक्ष के तौर पर राज धाड़से, विश्वनाथ बोडखे, दिनेश वागद्रे, सुभाष गावंडे, कृष्णा नावंगे, घनश्याम धोटे, नरेंद्र कनाठे, रघुनाथ बारस्कर, दशरथ बर्डे, हनुमंतराव पांसे, जगजीवन भराडे, दीपक गलफट और दिलीप ठाकरे को नियुक्त किया गया है।

संगठन मंत्री के रूप में प्रभाकर घानेकर, अनिल गीद, बबलू महाले, रवि वागद्रे, सचिन गावंडे, प्रदीप महाले, प्रभाकर कुबडे, गणेश सोनारे, महेश नावंगे और रमेश गीद को जिम्मेदारी दी गई है। मीडिया प्रभार के लिए कमलेश कावड़कर और सह मीडिया प्रभारी सुनील सोनारे को चुना गया है। विधि सलाहकार डी.के. कनाठे और सह विधि सलाहकार राजेश सराटकर को बनाया गया है।

चिकित्सा प्रकोष्ठ के ब्लॉक संयोजक के रूप में डॉ. संदीप मगरदे को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस कार्यकारिणी में 35 कार्यकारिणी सदस्य शामिल हैं, जो ब्लॉक अध्यक्ष वासुदेव धोटे के साथ मिलकर समाज को संगठित करने और विकास कार्यों को गति देने का काम करेंगे। कल 65 लोगों की टीम ब्लॉक अध्यक्ष वासुदेव धोटे के साथ मिलकर काम करेगी।

कार्यकारिणी की घोषणा के बाद ब्लॉक अध्यक्ष वासुदेव धोटे ने सभी पदाधिकारियों को समाज की सेवा और विकास के प्रति समर्पित होकर कार्य करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह टीम समाज को एकजुट करने और समाजहित के कार्यों को प्राथमिकता देने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यकारिणी की घोषणा के बाद समाज के गणमान्य लोगों और सामाजिक बंधुओं ने सभी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं और टीम के उज्जवल भविष्य की कामना की।

तवा डैम की यात्रा ने विद्यार्थियों को दी जल संरक्षण की अनमोल शिक्षा

तप श्री ज्ञान मंदिर टिकारी के बच्चों ने समझा जल और विद्युत का महत्व

बैतूल। तप श्री ज्ञान मंदिर टिकारी स्कूल के विद्यार्थियों ने तवा डैम का दौरा किया और शैक्षणिक भ्रमण के माध्यम से जल और जल विद्युत से संबंधित गहन जानकारी प्राप्त की। स्कूल के संचालक दीप मालवीय ने बच्चों को बताया कि किस प्रकार डैम में पानी को रोका और छोड़ा जाता है। उन्होंने डैम के गेट लगाने, खोलने की प्रक्रिया और जल से विद्युत उत्पादन की पूरी अवधारणा को सरल तरीके से समझाया।

इस दौरान बच्चों ने पहली बार डैम को देखा, जिससे वे आश्चर्यचकित हो गए। छात्रों ने जाना कि बारिश के पानी और नदी के जल को रोककर कैसे शहरों तक पानी पहुंचाया जा सकता है। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण के महत्व को भी समझाया गया। स्कूल संचालक दीप मालवीय ने बताया कि जल ही जीवन है और इसके बिना जीवन की कल्पना संभव नहीं है। शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को पुस्तकों से परे व्यावहारिक ज्ञान देना है। बच्चों ने इस यात्रा के माध्यम से जल संरक्षण, पर्यावरण और विभिन्न भौतिक प्रक्रियाओं को नजदीक से देखा और समझा। दीप मालवीय ने बताया कि ऐसे दौरे बच्चों को नए विचारों और संस्कृतियों से परिचित कराते हैं, जिससे उनका दृष्टिकोण व्यापक होता है। उन्होंने यह भी कहा कि शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों को विभिन्न दृष्टिकोणों को समझने और अधिक सहिष्णु और सहानुभूतिपूर्ण व्यक्तित्व विकसित करने में मदद मिलती है। इस दौरे ने विद्यार्थियों के अनुभवों को समृद्ध किया और उन्हें व्यावहारिक शिक्षा का महत्व सिखाया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button