महावीर जन्म कल्याणक पर जैन यूथ क्लब ने चलाया सेवा अभियान।
गौशाला में गौसेवा, सालभर के चारे की व्यवस्था। पारधी ढाना में बच्चों को बांटी अध्ययन सामग्री। प्याऊ लगाकर की शीतल जल सेवा, गन्ने के रस का वितरण।

बैतूल। भगवान महावीर के जन्म कल्याणक पर जैन यूथ क्लब, बैतूल ने सेवा और धर्म का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। क्लब के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सामाजिक व धार्मिक गतिविधियों में भाग लेते हुए दिनभर सेवा कार्य किए।
कार्यक्रम की शुरुआत त्रिवेणी गौशाला में गौसेवा से हुई, जहां सदस्यों ने गौवंश को हरा चारा, आलू, गुड़ सहित पौष्टिक आहार खिलाया। साथ ही एक गौमाता के लिए पूरे वर्ष के चारे की व्यवस्था कर अपनी जिम्मेदारी निभाई।
इसके बाद सदस्य पारधी ढाना पहुंचे, जहां बच्चों को ड्राइंग बुक, कलर पेन, नोटबुक और पेन-पेंसिल सेट वितरित किए गए। बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई। यहां रहवासियों के लिए गन्ने के रस की व्यवस्था की गई और 4 मटके व ग्लास देकर प्याऊ शुरू कर शीतल जल सेवा भी दी गई।
इस आयोजन के माध्यम से क्लब ने भगवान महावीर के अहिंसा परमो धर्म के संदेश को आत्मसात करते हुए सेवा और सद्भावना का परिचय दिया। सभी सदस्यों ने भविष्य में भी समाजहित के कार्य करते रहने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर अध्यक्ष दीपेश मेहता, सचिव तिलक पगारिया, कोषाध्यक्ष रौनक गोठी, उपाध्यक्ष अंकुर तातेड़ सहित अभिनय तातेड़, श्रेयांश गोठी, अनिरुद्ध तातेड़, विशी तातेड़, पीयूष गोठी, शुभम गोठी, प्रखर पगारिया, निलराज पगारिया, तनमय तातेड़, विनीत शाह, तपन शाह, गौतम सुराना एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।





