341वीं किसान मजदूर पंचायत के लिए गांव-गांव दिया जा रहा आमंत्रण, 23 मई को आमला चलो का आह्वान।
किसान संघर्ष समिति ने शुरू किया जनसंपर्क अभियान, आमला में जुटेंगे किसान-मजदूर।

बैतूल। किसान-मजदूर-आदिवासी एकता को मजबूत करने और किसानों की लंबित मांगों को लेकर किसान संघर्ष समिति ने 23 मई को आमला में आयोजित होने वाली 341वीं किसान मजदूर पंचायत के लिए गांव-गांव जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। समिति कार्यकर्ता ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर किसानों और मजदूरों को पंचायत में शामिल होने का न्योता दे रहे हैं तथा आमला चलो का आह्वान कर रहे हैं।
किसान संघर्ष समिति द्वारा जारी जानकारी के अनुसार 23 मई को सुबह 11 बजे जनपद चौक, आमला में आयोजित इस पंचायत में किसान संघर्ष समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं मुलतापी के पूर्व विधायक डॉ. सुनीलम मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे। उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट आराधना भार्गव, जिला अध्यक्ष जगदीश दोड़के, जिला उपाध्यक्ष लक्ष्मण बोरबन तथा मुलतापी तहसील अध्यक्ष कृपाल सिंह सिसोदिया भी मौजूद रहेंगे।
समिति ने बताया कि 12 जनवरी 1998 के मुलताई किसान आंदोलन के बाद से प्रत्येक माह किसान पंचायत आयोजित की जा रही है और इसी क्रम में यह 341वीं पंचायत होगी। पंचायत में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर कानूनी गारंटी, किसानों की संपूर्ण कर्जमाफी, बिजली संशोधन एवं बीज विधेयक 2025 की वापसी, भारत-अमेरिका कृषि समझौते को रद्द करने सहित किसानों और मजदूरों से जुड़े राष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा होगी।
इसके साथ ही स्थानीय समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया जाएगा। इनमें बिजली स्पार्किंग से जली फसलों का मुआवजा, क्षेत्र में बांध निर्माण, सड़क निर्माण, बोरदेही को पूर्ण तहसील का दर्जा, गल्ला मंडी खोलने, अस्पतालों में पर्याप्त डॉक्टर उपलब्ध कराने और ग्रामीण विकास कार्यों में अनियमितताओं की जांच जैसी मांगें शामिल हैं।
किसान संघर्ष समिति के तहसील अध्यक्ष दिनेश यदुवंशी, कार्यकारिणी तहसील अध्यक्ष आमला जगन्नाथ साकरे ने किसानों और मजदूरों से अधिक से अधिक संख्या में पंचायत में पहुंचकर अपनी आवाज बुलंद करने की अपील करते हुए कहा कि किसानों के अधिकारों और न्याय की लड़ाई को मजबूत करने के लिए इस पंचायत में व्यापक भागीदारी जरूरी है।




