Indian Labor Union:श्रमिकों की समस्याएं जानने और समाधान देने में जुटा भारतीय मजदूर संघ

संबल योजना और आई-श्रम कार्ड के लाभ बताए, भवन निर्माण कर्मकार मंडल की योजनाओं की दी जानकारी


बैतूल। विश्व का सबसे बड़ा श्रमिक संगठन भारतीय मजदूर संघ ने अपनी 70वीं वर्षगांठ के अवसर पर श्रमिक संपर्क अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान के तहत भारतीय मजदूर संघ के कार्यकर्ता जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर श्रमिकों की समस्याएं सुन रहे हैं और उन्हें सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जागरूक कर रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को बैतूल के सुभाष वार्ड में संघ के कार्यकर्ताओं ने श्रमिकों से संवाद किया।
इस मौके पर भारतीय मजदूर संघ के जिला मंत्री पंजाबराव गायकवाड़ ने श्रमिकों को बताया कि संबल योजना के तहत मजदूरों को क्या-क्या लाभ मिल सकते हैं। उन्होंने श्रमिकों को भवन निर्माण एवं अन्य कर्मकार मंडल द्वारा दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके अलावा ई-श्रम कार्ड के माध्यम से मिलने वाले लाभों पर भी प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम में भवन निर्माण मजदूर संघ के महामंत्री मीरचंद साहू, प्रदेश कार्य समिति के सदस्य राजेश मंसूरिया, इमारत पेंडरे और तुलसीराम विश्वकर्मा सहित कई वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित थे। इन सभी ने श्रमिकों को अपने अधिकारों और सरकारी योजनाओं का सही लाभ उठाने के लिए जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान श्रमिकों ने अपनी समस्याएं साझा कीं। कई श्रमिकों ने बताया कि उन्हें सरकारी योजनाओं का सही लाभ नहीं मिल रहा है। कुछ ने काम के दौरान होने वाली कठिनाइयों का जिक्र किया। भारतीय मजदूर संघ के कार्यकर्ताओं ने उनकी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और उन्हें आश्वासन दिया कि इन मुद्दों को संबंधित विभागों तक पहुंचाया जाएगा।
जागरूकता और संगठन की शक्ति पर दिया जोर
प्रदेश कार्य समिति के सदस्य राजेश मंसूरिया ने श्रमिकों को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय मजदूर संघ श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर है। उन्होंने श्रमिकों को संगठित रहने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। मंसूरिया ने कहा कि श्रमिक समाज की रीढ़ होते हैं, उनके कल्याण के बिना देश का विकास संभव नहीं। उन्होंने बताया कि भारतीय मजदूर संघ का यह श्रमिक संपर्क अभियान जिले के अन्य हिस्सों में भी चलाया जाएगा ताकि अधिक से अधिक श्रमिकों को जागरूक किया जा सके और उन्हें उनकी समस्याओं का समाधान मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button