बैतूल में मां पीताम्बरा प्रकटोत्सव 24 अप्रैल को।
सावंगी सिद्धपीठ में होगी विशेष पूजा, 1008 नामों से हवन। माता ताप्ती उद्गम पर अतिक्रमण हटाने की अर्जी भी अर्पित होगी।

बैतूल। जिला मुख्यालय से लगभग 35 किमी दूर स्थित सावंगी के प्रसिद्ध मां पीताम्बरा शक्ति सिद्धपीठ में शुक्रवार 24 अप्रैल को मां पीताम्बरा का प्रकटोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर मंदिर परिसर में दिनभर विशेष धार्मिक आयोजन होंगे, जिसमें मां की विधि-विधान से पूजा-अर्चना और 1008 नामों से हवन संपन्न कराया जाएगा। साथ ही मां पीताम्बरा यंत्र की आवरण पूजा भी की जाएगी और जिले की आर्थिक समृद्धि के लिए विशेष प्रार्थना होगी।
आयोजन के दौरान मां ताप्ती उद्गम प्रवाह पर विराजमान अतिक्रमण को हटाने के लिए विशेष अर्जी भी अर्पित की जाएगी। हवन में खीर, घी, हवन सामग्री, माखन-मिश्री, शुद्ध घी की बूंदी, कढ़ी और चावल का भोग लगाया जाएगा। दोपहर 2 बजे के बाद दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा।
माता बगलामुखी प्राकट्य दिवस के उपलक्ष्य में मंदिर और गर्भगृह को ताजे फूलों से सजाया जाएगा। हरिद्रा सरोवर (सौराष्ट्र-काठियावाड़) से लाए गए पवित्र जल से मां बगलामुखी का अभिषेक किया जाएगा, इसके बाद सौराष्ट्र से आए पीताम्बरा वस्त्रों और विशेष श्रृंगार सामग्री से देवी का अलंकरण होगा।
इस आयोजन में जिलेभर से मां बगलामुखी परिवार सावंगी के साधक और भक्त बड़ी संख्या में शामिल होंगे। मंदिर के पीठाधीश्वर आचार्य रविन्द्र मानकर के सान्निध्य में विशेष मंत्र अनुष्ठान भी किया जाएगा। आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से सपरिवार पहुंचकर दर्शन और प्रसाद ग्रहण करने का आग्रह किया है।




