204 मरीजों की आंखों की जांच में 68 मरीजों में मिला मोतियाबिंद, मरीज को मिलेगी नई रोशनी ।

बैतूल। युवा साहू समाज सेवा संगठन जिला बैतूल के तत्वाधान में स्व.राधेलाल साहू चिल्हाटी की स्मृति में जिले में मुलताई, प्रभात पट्टन के चिल्हाटी, भीमपुर, भैंसदेही के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में मोतियाबिंद जांच परामर्श एवं ऑपरेशन शिविर के आयोजन किए गए। मुलताई में स्व.राधेलाल साहू बिसने की प्रतिमा एवं भक्त शिरोमणि मां कर्मा के तेल चित्र पर अतिथियों प्रहलाद साहू, विनोद फूलवार, ललित साहू, अजय साहू, गोपाल साहू, कैलाश साहू, अनिल साहू, नेत्र चिकित्सा सहायक रामदास गढे़कर ने दीप प्रज्वलन कर शिविर का शुभारंभ किया। नेत्र चिकित्सा सहायक रामदास गढे़कर ने कहा कि अपनी आंखों का इलाज स्वयं नहीं करना चाहिए किसी भी प्रकार की आंखों में तकलीफ होने पर अपने नजदीकी चिकित्सक को दिखाना चाहिए। आंखों में यदि मोतियाबिंद पाया जाता है तो इसका कोई अन्य इलाज नहीं करना चाहिए मोतियाबिंद का इलाज केवल ऑपरेशन के द्वारा किया जा सकता है ऑपरेशन के बाद मरीज को नई रोशनी मिलती है। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रहलाद साहू ने कहा कि संस्था के द्वारा 60 वर्ष से अधिक उम्र के मरीजों की आंखों की जांच कर मोतियाबिंद पाए जाने पर उनके ऑपरेशन कर वृद्धजनों की आंखों में नई रोशनी लाने का काम किया जा रहा है। गोपाल साहू ने बताया कि मुलताई में 107 मरीज के आंखों की जांच की गई जिसमें से 41 मरीजों में मोतियाबिंद मिला इसके अलावा चिल्हाटी में 23 मरीजों की आंखों की जांच की गई जिसमें से 10 मरीजों की आंखों में मोतियाबिंद पाया गया। इसी प्रकार भैंसदेही में 33 मरीज के आंखों की जांच की गई जिसमें से 7 मरीजों में मोतियाबिंद पाया गया। भीमपुर में 33 मरीज के आंखों की जांच की गई। जिसमें से चार मरीजों की आंखों में पाया गया। इस प्रकार कुल 204 मरीजों की आंखों की जांच करने पर 68 मरीजों में पाया गया। सभी मरीजों के ऑपरेशन चिरायु मेडिकल कॉलेज अस्पताल बैरागढ़ भोपाल में किए जाएंगे। मरीज को शिविर स्थल से चिरायु मेडिकल कॉलेज भोपाल ले जाया जाएगा एवं ऑपरेशन के बाद शिविर स्थल पर ही बस के द्वारा मरीजों को छोडा़ जाएगा। जहां से वे अपने घर की ओर जा सकेंगे। समाजसेवी अनिल साहू ने मरीजों से कहा कि आंखों के चिकित्सकों द्वारा जो आपको ऑपरेशन के बाद सावधानियां बरतने को कहा गया है उसका पूरी तरह से पालन करें जिससे आपकी आंखों में नई रोशनी एक नया उजाला लेकर आएगी।




