बर्बरता: बैतूल में आदिवासी युवक को नग्न कर उल्टा लटकाया और बरसाए बेल्ट
तीन माह पहले हुई थी मारपीट, वीडियो वायरल होने के बाद पीड़ित पहुंचा थाने

Crime News: बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में आदिवासी समाज के युवक के साथ बर्बरता की एक और घटना सामने आई है। जिले के ग्राम बांसपानी निवासी आदिवासी समाज के युवक आशीष परते को नग्न कर रस्सी से बांधकर छत से उल्टा लटकाया और बेरहमी से बेल्ट से पिटाई की गई। मारपीट की घटना 15 नवंबर 2023 की है जिसका वीडियो मंगलवार देर शाम वायरल हुआ। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने पिटाई करने वाले बैतूल निवासी चेंट उर्फ शोहराब, रिंकेश चौहान सहित अन्य के खिलाफ मारपीट, अपहरण करने और एट्रोसिटी की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ चौधरी ने बताया कि मंगलवार शाम को मुझे किसी ने वीडियो भेजा था। वीडियो में एक युवक से मारपीट की जा रही है। तलाश कराई गई और पीड़ित युवक आशीष परते निवासी बांसपानी मिल गया। उसने बताया कि तीन माह पहले 15 नवंबर को उसके दोस्त रिंकेश चौहान ने उसे बैतूल लाया और चेन्ट नाम के आरोपित के घर ले जाकर अन्य लोगों के साथ मिलकर मारपीट की। मारपीट के पीछे रुपयों के लेनदेन की बात सामने आई है। दो नामजद और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

पीड़ित आशीष परते ने बताया कि उसकी आंठवा मील बांसपानी पर चाय, नाश्ता बेचने की दुकान है। 15 नवंबर को दोपहर में उसे गांव के ही रिंकेश ने चेन्ट के घर ले जाकर कपड़े उतारे और छत से उल्टा लटका दिया। इसके बाद बेल्ट, लकड़ी से करीब एक घंटे तक बेरहमी से पीटा।आरोपी गोवंश तस्करी करने वाले वाहनों से वसूली करने उस पर संदेह करते हुए पैसे मांग रहे थे। जब उसे छोड़ा तो वह अपने दोस्त के साथ घर चला गया और डर के कारण किसी को भी नही बताया। मंगलवार को जब वीडियो वायरल हुआ तब भाई के साथ थाने आकर रिपोर्ट दर्ज कराई। आरोपी बंदूक लेकर घूमते हैं इस कारण से वह बेहद डर गया था।
पहले भी आदिवासी युवक की हुई बेरहमी से पिटाई:
नगर में रविवार को भी आदिवासी समाज के युवक की बेरहमी से पिटाई की गई। इसका वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तीन आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एक और मामला सामने आने से आदिवासी समाज के विभिन्न संगठनों ने नाराजगी जताई है। रात में ही बड़ी संख्या में लोग कोतवाली थाना पहुंच गए थे।




