टैक्स वसूली में ढिलाई पर नगर पालिका सख्त, लक्ष्य पूरा नहीं किया तो होगी कार्रवाई।
काम के हिसाब से मिलेगा वेतन, टैक्स वसूली अमले को सीएमओ की दो टूक।

बैतूल। नगर पालिका सीएमओ नवनीत पाण्डेय ने बुधवार को टैक्स वसूली कार्यों की समीक्षा बैठक लेकर राजस्व संग्रहण में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में आउटसोर्स एजेंसी के माध्यम से नियुक्त कर्मचारियों के कार्यों का मूल्यांकन किया गया।
सीएमओ पाण्डेय ने कर्मचारियों से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रियता बढ़ाकर निर्धारित दैनिक लक्ष्य हर हाल में पूरा करें। उन्होंने कहा कि नगर पालिका की आय बढ़ाने में टैक्स वसूली की महत्वपूर्ण भूमिका है, इसलिए सभी कर्मचारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि कर्मचारियों का मूल्यांकन उनके कार्य प्रदर्शन और उपलब्धि के आधार पर किया जाएगा। कार्य के अनुरूप ही वेतन का भुगतान होगा तथा अपेक्षित परिणाम नहीं देने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सीएमओ ने कर्मचारियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण कर लंबित कर वसूली प्रकरणों का निराकरण करने और प्रतिदिन निर्धारित लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व संग्रहण में वृद्धि सुनिश्चित करने के लिए नगर पालिका प्रशासन द्वारा लगातार समीक्षा की जाएगी।




