half naked trip: आठनेर से बैतूल तक 35 किमी की अर्धनग्न यात्रा निकालकर किसानों ने मांगा मुआवजा
नकली मक्का बीज मामले में कार्रवाई की मांग

बैतूल। आठनेर से बैतूल तक 35 किलोमीटर की अर्धनग्न दांडी तिरंगा यात्रा के माध्यम से किसानों ने नकली मक्का बीज के मामले में प्रशासन की लापरवाही के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आम आदमी पार्टी के प्रदेश संयुक्त सचिव अजय सोनी के नेतृत्व में 24 सितंबर से आठनेर के पुलिस ग्राउंड में धरना प्रदर्शन चल रहा था। जहां से संघर्षरत किसानों की मांगों को लेकर कलेक्टर कार्यालय तक यात्रा निकाली गई। जिला सोशल मीडिया प्रभारी विशाल भालेकर ने बताया कि किसानों की मांगें पूरी नहीं होने पर कलेक्टर कार्यालय में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी दी गई है।
किसानों ने आरोप लगाया कि नकली मक्का बीज के कारण उनकी फसलें बर्बाद हो गईं, और अब तक प्रशासन ने उनकी कोई सुनवाई नहीं की है। उन्होंने कहा कि मुआवजा राशि मिलने में देरी होने पर पंजाब और हरियाणा के किसानों की तरह महीनों तक धरना प्रदर्शन किया जाएगा। किसानों ने रास्ते में बारिश और तेज धूप की बाधाओं के बावजूद कलेक्टर कार्यालय पहुंचने का संकल्प दिखाया। किसानों ने मुख्यमंत्री के आदेश का पालन करने और कृषि विभाग के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। किसानों का कहना था कि आठनेर के कृषि विभाग ने उन्हें अमानक मक्का बीज वितरित कर धोखाधड़ी की है, जिससे उनकी फसलें पूरी तरह नष्ट हो गईं। अब किसान उचित मुआवजा राशि की मांग कर रहे हैं और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई चाहते हैं। इस यात्रा के दौरान किसानों की एसडीएम राजीव कहार से भी मुलाकात हुई। उन्होंने किसानों की बातें सुनीं और आश्वासन दिया कि 4 अक्टूबर को कृषि विभाग के उच्च अधिकारियों के साथ बैठक होगी, जिसमें किसानों की समस्याओं पर चर्चा होगी। साथ ही, उन्होंने दोषी अधिकारियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का भी भरोसा दिलाया। यात्रा में श्रमिक विकास संगठन के प्रदेश संयुक्त सचिव विनोद जगताप, लोकसभा उपाध्यक्ष शंकर पेंदाम, जिला अध्यक्ष शैलेष वाईकर, जिला संयुक्त सचिव रमेश भूमरकर, जितेंद्र देशमुख, जिला उपाध्यक्ष श्रीराम मानकर, किसान विंग जिला अध्यक्ष ईश्वरदास साबले, शहरी ब्लॉक अध्यक्ष आठनेर पवन गव्हाड़े, ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष आठनेर अशोक सोनारे, युवा नेता आशीष ठाकरे, मुकेश चढ़ोकार, अरविंद गीद, प्रीतम भूमरकर, प्रकाश वाईकर सहित आठनेर क्षेत्र के कई किसान शामिल रहे।
कृषि विभाग पर सवाल
किसानों ने बैतूल के जिला कृषि विभाग पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि विभाग ने नकली मक्का बीज देकर उनकी फसलों को नष्ट कर दिया है। अब वे मुआवजे की मांग कर रहे हैं और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई चाहते हैं। किसानों ने कहा कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे कलेक्टर कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करेंगे।




