ग्लोबल पब्लिक स्कूल में हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ मनाई गई गुरु पूर्णिमा

बैतूल। ग्लोबल पब्लिक स्कूल में गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री घनश्याम जी मदान द्वारा माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं पूजन के साथ किया गया।
अपने संबोधन में श्री मदान ने विद्यार्थियों को गुरु पूर्णिमा का महत्व बताते हुए अनुशासित जीवन जीने, गुरुजनों का सम्मान करने तथा आदर्श एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने नशा मुक्ति का संदेश देते हुए विद्यार्थियों से सभी प्रकार के नशे से दूर रहने और समाज के प्रति सकारात्मक योगदान देने का आह्वान किया।
विद्यालय के अकादमिक एडवाइज़र श्री दीपक झारिया ने गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु ही विद्यार्थी के जीवन का सच्चा मार्गदर्शक होता है। उन्होंने सभी को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएँ देते हुए विद्यार्थियों से गुरुजनों के आदर्शों का अनुसरण करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने गुरुजनों के सम्मान में आकर्षक समूह नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देकर सभी का मन मोह लिया। अंत में सभी ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्” का गायन किया। इस अवसर पर विद्यालय के संचालक श्री भारत झारिया, अकादमिक एडवाइज़र श्री दीपक झारिया, प्राचार्य श्रीमती प्रणाली झारिया, समस्त शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।




