बैतूल एकेडमी और जिमखाना नागपुर की शानदार जीत

स्व. विजय कुमार खंडेलवाल स्मृति टूर्नामेंट में खिताब की दौड़ हुई तेज

बैतूल। बैतूल एकेडमी और शिवाजी क्लब के तत्वाधान में आयोजित स्व. विजय कुमार खंडेलवाल स्मृति टी-20 वाइट बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट में मंगलवार 9 दिसंबर का दिन प्रतिस्पर्धा से भरा हुआ रहा। टूर्नामेंट अध्यक्ष रानू वर्मा ने जानकारी दी कि दिन के दो मुकाबले खेले गए, जिनमें पहला मैच बैतूल एकेडमी और कनारा क्रिकेट क्लब विदिशा के बीच खेला गया। टॉस जीतकर विदिशा की टीम ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया, लेकिन बैतूल एकेडमी के बल्लेबाजों ने धुआंधार प्रदर्शन करते हुए निर्धारित 18 ओवर में 248 रन ठोक डाले। टीम की ओर से सूरज राये और रणजी ट्रॉफी खिलाड़ी अर्पित गौड़ ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 70-70 रनों की बेहतरीन पारी खेली।

248 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी कनारा क्रिकेट क्लब विदिशा की टीम शुरुआत से ही दबाव में आ गई और कोई भी बल्लेबाज टिककर नहीं खेल पाया। पूरी टीम 145 रन पर ढेर हो गई। इस मुकाबले में सूरज राये को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। उन्होंने 4 ओवर में घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके और 25 गेंदों में 70 रन नाबाद बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

दूसरा मुकाबला क्रिस्टन क्लब इंदौर और जिमखाना नागपुर के बीच खेला गया। जिमखाना नागपुर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और निर्धारित 18 ओवर में 135 रन का स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी क्रिस्टन क्लब इंदौर की टीम 104 रन पर सिमट गई। इस मैच में मोहित बोरकर को मैन ऑफ द मैच चुना गया। पुरस्कार मुख्य अतिथि पवन अग्रवाल, भाजपा नेता सुनील शर्मा (रक्कू शर्मा), मुर्तोजा हुसैन और जुबैर पटेल द्वारा प्रदान किया गया।

– आज के मैच

टूर्नामेंट के सचिव मोइज़ मंसूरी ने बताया कि बुधवार 10 दिसंबर को एक महत्वपूर्ण मुकाबला खेला जाएगा, जिसमें आज की विजेता टीमें बैतूल एकेडमी और जिमखाना नागपुर आमने-सामने होंगी। टूर्नामेंट का रोमांच लगातार बढ़ रहा है और दर्शक अगले मैच को लेकर विशेष उत्साह में हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button