parent-teacher communication: बोर्ड कक्षाओं की तैयारी में सुधार के लिए अतिरिक्त कक्षाओं की घोषणा, पालकों और विद्यार्थियों में दिखा उत्साह
श्री विनायकम स्कूल में शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए अभिभावक-शिक्षक संवाद का हुआ आयोजन

बैतूल। विगत 22 वर्षों से संचालित श्री विनायकम स्कूल में शनिवार 24 अगस्त को शैक्षणिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, पालक-शिक्षक बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में विशेष रूप से कक्षा 9 से 12 के विद्यार्थियों के अभिभावकों ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन में सुधार के लिए रणनीतियों पर चर्चा करना था।
बैठक के दौरान शिक्षकों ने बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों पर विशेष जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों की पढ़ाई में सुधार लाने के लिए रिवीजन की महत्ता को रेखांकित किया। शिक्षकों ने अभिभावकों को बच्चों के अध्ययन में आने वाली कठिनाइयों के बारे में जानकारी दी और उन्हें उनके समाधान के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
शिक्षकों ने यह भी घोषणा की कि बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए कमजोर विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त कक्षाओं का आयोजन किया जाएगा। इन कक्षाओं में विद्यार्थियों को विशेष मार्गदर्शन दिया जाएगा, जिससे वे अपनी कमजोरियों को दूर कर सकें और परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। इस बैठक के सफल आयोजन से विद्यार्थियों और अभिभावकों में उत्साह का माहौल बना, स्कूल के शैक्षणिक और सांस्कृतिक परिवेश को भी नई दिशा मिली है। अभिभावकों ने इस पहल का स्वागत किया और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की। स्कूल डायरेक्टर संजय राठौर ने भी इस प्रकार की बैठकों को नियमित अंतराल पर आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई, जिससे विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति में निरंतर सुधार होता रहे।




