घोड़ाडोंगरी स्टेशन की दो बड़ी समस्याओं के समाधान का जीएम ने दिया भरोसा।

घोड़ाडोंगरी स्टेशन पर फुटओवर ब्रिज बढ़ेगा, सड़कवाड़ा तक बनेगा पक्का पहुंच मार्ग। निरीक्षण दौरे में जीएम ने सुनीं स्थानीय समस्याएं, जल्द निराकरण के संकेत।

बैतूल। घोड़ाडोंगरी रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह 10:11 बजे निरीक्षण दौरे पर पहुंचे रेलवे जीएम श्री श्रीवास्तव ने स्थानीय नागरिकों की दो प्रमुख समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया। उन्होंने स्टेशन परिसर और रेलवे ट्रैक का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान व्यापारी कल्याण संघ अध्यक्ष सुनील शर्मा, नगर परिषद उपाध्यक्ष सोनू खनूजा, संजय अग्रवाल, सुमित सोनू सलूजा, मुकेश राठौर, प्रमोद मालवीय और वासुदेव नागले ने रेलवे से जुड़ी समस्याओं को जीएम के समक्ष रखा। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि रेलवे फुटओवर ब्रिज का विस्तार प्लेटफॉर्म नंबर एक तक ही सीमित है। बाहर की ओर इसका विस्तार नहीं होने से रेलवे पटरी के दोनों ओर बसे लोगों, महिलाओं, स्कूली बच्चों और आम नागरिकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

इस पर जीएम श्री श्रीवास्तव ने कहा कि फुटओवर ब्रिज का विस्तार कर दोनों ओर के रहवासियों की समस्या का समाधान किया जाएगा।

प्रतिनिधिमंडल ने सड़कवाड़ा और बासन्या रेलवे गेट बंद किए जाने के बाद वैकल्पिक पक्का पहुंच मार्ग नहीं बनाए जाने का मुद्दा भी उठाया। इस पर जीएम ने कहा कि टीम बदलने के कारण कार्य प्रभावित हुआ, लेकिन अब सड़कवाड़ा तक पक्का पहुंच मार्ग बनाया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इस दिशा में कार्रवाई के निर्देश भी दिए।

ज्ञापन के माध्यम से जयपुर-चेन्नई (12970/12967), इंदौर-नागपुर (12923/12924), जबलपुर-नागपुर (12159/12160) ट्रेनों के स्टॉपेज तथा भुसावल-नागपुर (22111/22112) ट्रेन को पुनः शुरू करने की मांग भी रखी गई।

स्थानीय लोगों ने जीएम श्री श्रीवास्तव के सकारात्मक रवैये की सराहना की। लोगों का कहना रहा कि पहली बार किसी वरिष्ठ अधिकारी ने समस्याओं को गंभीरता से सुनकर तत्काल समाधान के निर्देश दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button