Jayas: जयस की महापंचायत 7 को, विभिन्न मुद्दों पर होगी चर्चा
छिंदवाड़ा, इटारसी, डिंडोरी, हरदा जिले के पदाधिकारी होंगे शामिल

बैतूल। जय आदिवासी युवा शक्ति संगठन (जयस) की महापंचायत कल शनिवार दिनांक 7 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से रानी दुर्गावती ऑडिटोरियम में आयोजित की गई है। इस महापंचायत में छिंदवाड़ा, इटारसी डिंडोरी, हरदा जिले सहित बैतूल जिले के दसों ब्लॉकों के अध्यक्ष उपस्थित होंगे। जयस जिला प्रभारी बैतूल महेश शाह उइके ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि महापंचायत में महेंद्र कन्नौज प्रदेश प्रवक्ता, रविराज बघेल जयस प्रदेश कार्यकारिणी अध्यक्ष, महेंद्र परतेति अध्यक्ष छिंदवाड़ा, आकाश कुशराम युवा नेता इटारसी, अर्चना मार्को जयस प्रचारक डिंडोरी, राकेश काकोड़िया जयस जिलाध्यक्ष हरदा, राजेंद्र पवार प्रदेश चुनाव संचालन अध्यक्ष सहित समस्त जिलों के जिला अध्यक्ष बतौर अतिथि उपस्थित होंगे। इस महापंचायत में सामाजिक, शैक्षणिक, आर्थिक, राजनीतिक मुद्दों को लेकर विस्तृत चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम में जिले के ग्राम पटेल, मुकडदम, सरपंच एवं अतिथियों का स्वागत किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों के उद्बोधन के साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। जयस के जिला अध्यक्ष जिला पंचायत सदस्य संदीप धुर्वे, जिला संरक्षक इंजीनियर राजा धुर्वे ने जिले के सभी सगाजनों से बड़ी संख्या में महापंचायत में उपस्थित होने का आग्रह किया है।




