सोशल मीडिया पर पुराना वीडियो वायरल करने की शिकायत, पूर्व अर्द्धसैनिक अधिकारी ने कलेक्टर से की शिकायत
पुराने विवाद का वीडियो वायरल करने वालों पर कार्रवाई की मांग

बैतूल। पूर्व अर्द्धसैनिक अधिकारी विनोद कुमार यादव ने कलेक्टर बैतूल को आवेदन देकर आरोप लगाया है कि कुछ लोग पुराने विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर उनकी सामाजिक छवि धूमिल करने, अफवाह फैलाने और उन्हें डराने-धमकाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
आवेदन के अनुसार करीब एक वर्ष पहले गांव के एक व्यक्ति से लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि उसी घटना का पुराना वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल कराया जा रहा है, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित हो रही है और वे मानसिक रूप से प्रताड़ित हैं। उन्होंने आशंका जताई है कि उन्हें झूठे प्रकरण में फंसाने या उन पर जानलेवा हमला कराने का प्रयास किया जा सकता है। इसलिए जिला प्रशासन से निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की गई है।
आवेदन में विनोद कुमार यादव ने बताया कि वर्ष 2016 में अर्द्धसैनिक बल से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के बाद से वे विभिन्न सामाजिक कार्यों और गैर-राजनीतिक संगठनों से जुड़े हैं। उन्होंने अंकुरित आहार अभियान और जिला ब्लड बैंक के माध्यम से सामाजिक योगदान देने का भी उल्लेख किया है। सेवा के दौरान उन्हें वर्ष 1996 में नागालैंड सरकार तथा वर्ष 2003 में पंजाब सरकार से विशेष पदक प्राप्त हुए थे। उन्होंने वर्ष 2011 से 2014 तक गृह मंत्रालय की विशेष नियुक्ति पर कार्य करने की जानकारी भी दी है।




