Flying Star won the title of football tournament: फ्लाइंग स्टार ने जीता फुटबॉल टूर्नामेंट का खिताब
एसपी निश्चल झारिया ने खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला

युवा मोबाइल की सीमित दुनिया से बाहर निकलें और खेल के मैदान में उतरें: एसपी
बैतूल। पुलिस परेड ग्राउंड में डीसीसी द्वारा आयोजित जिला स्तरीय फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रोमांच से भरपूर रहा, जिसमें फ्लाइंग स्टार टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। फाइनल मैच में फ्लाइंग स्टार ने द नवाबीज़ को हराकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पुलिस अधीक्षक निश्चल झारिया ने विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की और खिलाड़ियों के अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट खेल के लिए उन्हें बधाई दी। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे मोबाइल की सीमित दुनिया से बाहर निकलें और खेल के मैदान में उतरें, जहां से आत्मविश्वास, नेतृत्व और जीत की असली शुरुआत होती है।
मंच पर डीएसओ पूजा कुरील, सेवानिवृत्त फौजी अशोक रघुवंशी, बैतूल टॉक्स से साहिल राठौर, साइबर सेल से दीपेन्द्र सिंह तथा वरिष्ठ खिलाड़ी योगेश पाटणकर, रवि पंडाग्रे और योगेश वट्टी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
पुलिस अधीक्षक निश्चल झारिया ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में ऐसे खेल आयोजनों को और भी बड़े स्तर पर आयोजित किया जाना चाहिए, जिससे जिले के प्रतिभावान खिलाड़ियों को बेहतर मंच मिल सके। टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी पुरस्कृत किया गया। सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर का पुरस्कार नयन भलावी को मिला, वहीं सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर खुश डिगरसे रहे। ऋषभ पांसे को सर्वश्रेष्ठ मिडफील्डर, अतुल ठाकरे को सर्वश्रेष्ठ स्ट्राइकर और साबिर खान को सर्वश्रेष्ठ उभरता खिलाड़ी घोषित किया गया। आयोजन में शामिल सभी टीमों और खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान खेल भावना का परिचय दिया।




