महंगी खेती-सस्ती फसल से नाराज किसान, 23 फरवरी को विधानसभा घेराव का ऐलान
महंगी खेती-सस्ती फसल से नाराज किसान, 23 फरवरी को विधानसभा घेराव का ऐलान

बैतूल। मध्यप्रदेश किसान कांग्रेस कमेटी द्वारा आगामी 23 फरवरी को प्रस्तावित विधानसभा घेराव को लेकर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पीसीसी भोपाल में एक महत्वपूर्ण तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान के नेतृत्व में संपन्न हुई, जिसमें प्रदेशभर से किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष एवं पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में किसानों से जुड़ी मूलभूत और ज्वलंत समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैतूल किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष जगदीश गोचरे ने बताया कि किसानों को आज भी फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है, जबकि खेती की लागत लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि खाद-बीज की किल्लत, बिजली आपूर्ति की अनियमितता, सिंचाई व्यवस्था की कमजोरी, फसल बीमा की जटिल प्रक्रिया और मुआवजा राशि के भुगतान में देरी से किसान परेशान हैं।
-किसानों से किया जा रहा जनसंपर्क-
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि किसानों की अनदेखी के खिलाफ प्रदेशव्यापी आंदोलन को और तेज किया जाएगा। 23 फरवरी को होने वाला विधानसभा घेराव किसानों की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने का बड़ा मंच बनेगा। सभी जिला अध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर जगदीश गोचरे ने कहा कि प्रदेश सरकार की किसान विरोधी नीतियों से किसान आक्रोशित हैं और अब चुप नहीं बैठेंगे। उन्होंने बताया कि बैतूल जिले से हजारों किसान भोपाल पहुंचकर विधानसभा घेराव में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि किसान जन आंदोलन यात्रा के माध्यम से गांव-गांव जाकर किसानों से संवाद किया जा रहा है, जिससे आंदोलन को व्यापक समर्थन मिल रहा है। बैठक के अंत में पदाधिकारियों ने संकल्प लिया कि किसानों के अधिकारों की लड़ाई को मजबूती से लड़ा जाएगा और विधानसभा घेराव को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाया जाएगा।




