विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों की करियर से जुड़ी शंकाओं का किया समाधान
शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जीन में संपन्न हुआ पांच दिवसीय करियर गाइडेंस मेला, भविष्य की तैयारी के लिए दी गईं आवश्यक जानकारियां

बैतूल। विद्यार्थियों के सपनों को दिशा देने के लिए जीन के शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में पांच दिवसीय करियर गाइडेंस मेला आयोजित किया गया। इस करियर मेले में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध करियर अवसरों को लेकर मार्गदर्शन प्रदान किया गया। करियर गाइडेंस मेले का समापन 31 जनवरी को हुआ।
मेले के दौरान विशेषज्ञों द्वारा विद्यार्थियों की करियर से जुड़ी शंकाओं का समाधान किया गया और भविष्य की तैयारी के लिए आवश्यक जानकारियां दी गईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रोफेसर महेंद्र गिरी द्वारा की गई। विशेष उद्बोधन संस्था के प्राचार्य सदाराम चौकीकर ने दिया, जिसमें उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने और सही दिशा में प्रयास करने की प्रेरणा दी। जनपद सदस्य जीन मुकुंदराव धोटे एवं संस्था प्राचार्य श्री सिमैया ने विद्यार्थियों को जीवन कौशल, आत्मविश्वास और करियर निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर मार्गदर्शन प्रदान किया।
करियर काउंसलर गणेश कवड़े ने विद्यार्थियों को विषय चयन की प्रक्रिया के साथ-साथ विभिन्न छात्रवृत्तियों की जानकारी दी, जिससे वे अपनी आगे की पढ़ाई को बेहतर ढंग से नियोजित कर सकें। कार्यक्रम का संचालन मास्टर करियर काउंसलर रितेश गौतम ने किया। मेले के दौरान उपस्थित अतिथि विशेषज्ञों द्वारा छात्र-छात्राओं के प्रश्नों के सटीक उत्तर दिए गए। कार्यक्रम के अंत में संस्था की ओर से अतिथियों के प्रति आभार व्याख्याता अनेक राव गायकवाड़ द्वारा व्यक्त किया गया।





