सक्षम जीवन कौशल कार्यक्रम से बदल रही बच्चों की सोच और समझ: सहायक आयुक्त विवेक पाण्डे
एक दिवसीय अनुभव सांझा कार्यशाला आयोजित, गैलरी वॉक और सेल्फी प्वाइंट बने आकर्षण

बैतूल। सक्षम जीवन कौशल विकास कार्यक्रम के अंतर्गत ज़िला कार्यालय सहायक आयुक्त के सभागार में एक दिवसीय अनुभव सांझा कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें कार्यक्रम के ज़मीनी क्रियान्वयन, नवाचारों और बच्चों में आए संकेतात्मक बदलावों को साझा किया गया।
कार्यशाला में सहायक आयुक्त विवेक पाण्डे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि सहायक संचालक सुनील जैन और सक्षम कार्यक्रम से डिविजन मैनेजर गौतम कुमार विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में बीआरसीसी, जन शिक्षक, प्रधान पाठक, प्राचार्य एवं विभिन्न विद्यालयों से आए शिक्षक साथियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सहायक आयुक्त विवेक पाण्डे ने कहा कि सक्षम जीवन कौशल कार्यक्रम बच्चों को शैक्षणिक रूप से एवं व्यवहारिक जीवन के लिए तैयार करने की दिशा में एक प्रभावी पहल है। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम गत वर्ष से निरंतर संचालित है और शिक्षकों द्वारा पूरी निष्ठा एवं प्रतिबद्धता के साथ ज़मीनी स्तर पर लागू किया जा रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम अब स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। मेरी सीख की कॉपी, सक्षम वॉल पेंटिंग, बच्चों की नियमित उपस्थिति, बाल कैबिनेट की सक्रिय भूमिका तथा गतिविधि आधारित शिक्षण से बच्चों में नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी की भावना और जीवन कौशल विकसित हुआ है।
कार्यशाला के दौरान सक्षम गैलरी वॉक का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विकास खण्डों द्वारा किए गए नवाचार, गतिविधियों की झलक, बच्चों के कार्य, मेरी सीख की कॉपी एवं सक्षम से संबंधित शैक्षणिक सामग्री का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम स्थल पर बनाया गया सक्षम सेल्फ़ी प्वाइंट भी प्रतिभागियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
समूह गतिविधियों, अनुभव साझा सत्र, नवाचार प्रस्तुतिकरण और संवादात्मक चर्चाओं के माध्यम से शिक्षकों को एक-दूसरे से सीखने का अवसर मिला। साथ ही एसक्यूएमएफ फॉर्म, मासिक समीक्षा बैठकों और नोडल अधिकारियों के माध्यम से कार्यक्रम के नियमित अवलोकन की प्रक्रिया की जानकारी भी साझा की गई।
सहायक आयुक्त विवेक पाण्डे ने शिक्षक साथियों, शैक्षणिक अधिकारियों एवं नोडल अधिकारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षकों की दृढ़ इच्छाशक्ति और प्रतिबद्धता के कारण ही सक्षम जीवन कौशल कार्यक्रम निरंतर सफलता की दिशा में आगे बढ़ रहा है। कार्यक्रम में विशेष रूप से प्रशान्त लोखंडे, सक्षम ज़िला कार्यक्रम प्रबंधक ज़िला बैतूल, इंद्रसेन नागले, मीना सातनकर, मेहरबान सिंह और विद्या रैकवार सहित ब्लॉक प्रबंधन के अधिकारी उपस्थित रहे।




